ओडिशा की महिला क्रिकेटर का शव मिलने से सनसनी

कटक के पास जंगल में पेड़ से लटका मिला राजश्री स्वांई का शव
सुसाइड नोट में मानसिक तौर पर परेशान करने का लगाया आरोप
खेलपथ संवाद
भुवनेश्वर।
ओडिशा की महिला क्रिकेटर राजश्री स्वांई 11 जनवरी से लापता थी और उनका शव शुक्रवार को कटक के करीब घने जंगल में मिला। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। कटक के पुलिस उपायुक्त पिनाक मिश्रा ने कहा कि उनका शव अथागढ़ क्षेत्र में गुरूदिझाटिया जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला था। 
राजश्री के कोच ने बृहस्पतिवार को कटक में मंगलाबाग पुलिस थाने में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज करायी थी। उन्होंने कहा कि गुरूदिझाटिया पुलिस स्टेशन में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया जायेगा। पुलिस को अभी तक उनकी मौत के कारण का पता नहीं चला है। उनके परिवार ने हालांकि आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गयी है ‘‘क्योंकि उसके शरीर पर चोट के निशान थे और उसकी आंखों को भी नुकसान पहुंचाया गया था।'
राजश्री का स्कूटर जंगल के करीब मिला था और उनका मोबाइल फोन भी बंद था। पुलिस ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जायेगी। उनके परिवार के सदस्यों ने कहा कि राजश्री सहित करीब 25 महिला क्रिकेटर ओडिशा क्रिकेट संघ (ओसीए) द्वारा बाजराकाबाटी क्षेत्र में आयोजित ट्रेनिंग शिविर का हिस्सा थीं जो पुडुचेरी में होने वाले आगामी राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट के लिये था।
सभी एक होटल में ठहरी हुई थीं। ओडिशा राज्य महिला क्रिकेट टीम की घोषणा 10 जनवरी को की गयी थी लेकिन राजश्री अंतिम सूची में शामिल नहीं थी। पुलिस ने कहा कि अगले दिन खिलाड़ी अभ्यास के लिये तांगी क्षेत्र में क्रिकेट मैदान में गयीं लेकिन राजश्री ने अपने कोच को बताया कि वह अपने पिता से मिलने के लिये पुरी जा रही हैं। 
हालांकि, इस बीच बज्रकबाटी में मौजूद महावीर गलेक्सी होटल से राजश्री के लापता होने से वहां पर कमिश्नरेट पुलिस की टीम पहुंचकर घटना की छानबीन की। कोच के साथ कुछ खिलाड़ियों से भी पूछताछ की गई है। वहां से सुराग हासिल करने के लिए पुलिस की ओर से प्रयास किया गया है। इस घटना में जो लोग दोषी पाए जाएंगे या जिनके खिलाफ आरोप आएगा, सबको जांच के दायरे में लेकर बारीकी से छानबीन की जाएगी।
दूसरी ओर महिला खिलाड़ी राजश्री स्वांई का शव बरामद होने के बाद होटल में रहने वाले कोच से लेकर बाकी खिलाड़ी चुप्पी साध लिए हैं। राजश्री के पास से कागज में लिखा एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें यह दर्शाया गया है कि वह अच्छा खेल रही थी, इसके बावजूद उसे नजरअंदाज किया जा रहा था और बार-बार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। यह जानकारी विशेष सूत्रों से मिली है। राजश्री के इस सुसाइड नोट के सामने आने के बाद अब कोच एवं ओसीए प्रबंधन भी जांच के दायरे में आ गए हैं। वहीं, पुलिस ने होटल के 211 नंबर कमरे को सील कर दिया है।

रिलेटेड पोस्ट्स