पत्रकारों के सामने उड़े डिप्टी डायरेक्टर कविता के होश

कहा- खेल मंत्री के निर्दोष होने का दावा नहीं करती
खेलपथ संवाद
चण्डीगढ़।
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह पर छेड़छाड़ के आरोप लगाने वाली महिला कोच ने खेल विभाग की डिप्टी डायरेक्टर कविता देवी के साथ भी बहस की थी। यह जानकारी डिप्टी डायरेक्टर ने शुक्रवार को ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित प्रेसवार्ता में दी था। तब उन्होंने पत्रकारों को बताया था कि महिला कोच जिम में समय पर नहीं आती थी। इस बारे में जब उसे टोका गया तो बहस की और यह भी कहा कि वह अपनी मर्जी से ही जिम में आएगी। 
खेल विभाग की डिप्टी डायरेक्टर ने महिला कोच के साथ हुई बहस की जानकारी देने के साथ-साथ यह भी कहा कि खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह का व्यवहार बहुत अच्छा है। नहीं लगता कि खेल मंत्री ने छेड़छाड़ की होगी। हालांकि उन्होंने बाद में मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रेसवार्ता में जब पत्रकारों ने उनसे सवाल पूछे तो वे उनका जवाब नहीं दे पाईं। इसके बाद उन्होंने कहा कि वो खेल मंत्री के निर्दोष होने का दावा नहीं करती हैं। वह इस मामले की जानकारी होने के बाद एक खिलाड़ी के नाते पत्रकारों से यहां मिलने आई थीं। मामला बिगड़ता देख उन्होंने यह भी कह दिया कि उन्होंने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं बुलाई। वे फिलहाल शैक्षणिक अवकाश पर चल रही हैं। जब उन्हें बताया गया कि खेल मंत्री के प्रेस कंसलटेंट विकास राणा ने इस पत्रकार-वार्ता का निमंत्रण भेजा है तो उन्होंने इस बारे में जानकारी होने से ही इंकार कर दिया।

रिलेटेड पोस्ट्स