उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने किया सम्मानित

पांचवीं राष्ट्रीय सवात प्रतियोगिता में यूपी के खिलाड़ियों ने जीते 42 पदक
उत्तर प्रदेश की बिन्दु कुमारी को मिला सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब
खेलपथ संवाद 
लखनऊ।
सवात एसोसिएशन ऑफ इण्डिया के तत्वाधान में विगत माह दिल्ली में आयोजित पांचवीं राष्ट्रीय सवात (फ्रेंच बॉक्सिंग) प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विजयी राष्ट्रीय खिलाड़ियों को राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल द्वारा राजभवन के प्रांगण में आयोजित एक सादे समारोह में सम्मानित किया गया। राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने सवात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए सभी विजयी खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक पदक प्रदेश के लिए लाने के लिए शुभकामनाएं दीं। 
ज्ञात हो कि सवात की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा सर्वाधिक 42 पदक हासिल किए जिसमें 23 स्वर्ण, 9 रजत, 10 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश को पहला स्थान प्राप्त हुआ। उत्तर प्रदेश की बिन्दु कुमारी को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब मिला। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन में सवात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मनोज दीक्षित (पूर्व कुलपति राममनोहर लोहिया विश्वविद्यालय अयोध्या एवं वर्तमान विभागाध्यक्ष लोक प्रशासन विभाग-लखनऊ विश्वविद्यालय) तथा सचिव के.वी.पन्त सराहनीय योगदान है।
उक्त समारोह में खिलाड़ियों के साथ ही सवात एसोसिएशन के पदाधिकारियों सचिव के.वी.पन्त, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार त्रिपाठी, उपाध्यक्ष रचना गोविल (अर्जुन अवार्डी एवं पूर्व कार्यकारी निदेशक-साई), आई.टी. इंचार्ज व सचिव लखनऊ सवात सदन यादव, कोषाध्यक्ष कमल जोशी मौजूद रहे। खिलाड़ियों में यश कुमार यादव छात्र (दिल्ली पब्लिक स्कूल एल्डिको), बिन्दू कुमारी, अनामिका वर्मा, शैलेश कुमार, शैलेश कुमार मिश्रा, सश्रम श्रीवास्तव (छात्र-माडर्न एकेडमी), माही चौरसिया (छात्रा-अयोध्या सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज), सचिन सेमालिया, दैलिशा जोशी (छात्रा-आर.एल.बी. स्कूल) आदि भी उपस्थित रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स