मध्य प्रदेश की खेल अधोसंरचना के मुरीद हुए खेल मंत्री अनुराग ठाकुर

खेल मंत्री ने भोपाल में लिया खेलो इंडिया गेम्‍स की तैयारियों का जायजा
खेलपथ संवाद
भोपाल।
केंद्रीय खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने राजधानी में आयोजित शिखर खेल अलंकरण व खेलो इंडिया यूथ गेम्‍स 2022 के प्रतीक चिह्न के अनावरण समारोह में भाग लिया। उन्‍होंने यूथ गेम्‍स की तैयारियों को देखा और बहुत खुश हुए। उन्‍होंने कहा कि जिस तरह की तैयारी मध्य प्रदेश ने खेलो इंउिया यूथ गेम्स में की है, उस आधार पर वह राष्‍ट्रीय खेलों की मेजबानी का दावेदार है। यदि मध्य प्रदेश ओलम्पिक संघ दावेदारी करेगा तो प्राथमिकता में वह पहले नम्‍बर पर है।
सोमवार को अनुराग ठाकुर ने तात्‍या टोपे नगर स्‍टेडियम में आयोजित छठी एलीट महिला बाक्सिंग चैम्पियनशिप के पदक विजेताओं को पुरस्‍कृत भी किया। उन्‍होंने कहा कि मध्य प्रदेश राज्‍य शूटिंग अकादमी देश की सबसे समृद्ध शूटिंग रेंज है, इसमें वर्ल्‍ड क्‍लास की स्‍पर्धाएं आसानी से आयोजित की जा सकती हैं। इसी तरह घुड़सवारी अकादमी भी शानदार है। जिस तरह से इन दोनों अकादमियों को संचालि‍त किया जा रहा है, यह देश के लिए मिसाल है। मध्य प्रदेश में प्रभावी खेल नीतियों से खेल इंफ़्रास्ट्रक्चर के विस्तार व खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय कार्य हो रहे हैं।
शाम को प्रदेश के खिलाड़ी हुए सम्‍मानित
शाम को राजधानी के रवींद्र भवन में आयोजित शिखर खेल अलंकरण समारोह में मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व केंद्रीय खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने मध्य प्रदेश की खेलमंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की मौजूदगी में आयोजित शिखर खेल अलंकराण समारोह में 28 खिलाड़ी व प्रशिक्षकों को सम्‍मानित किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र संरकार देशभर में एक हजार खेलो इंडिया सेंटर स्‍थापित कर रहा है। यह अगस्‍त 2023 तक बनकर तैयार हो जाएंगे। अगले माह मध्य प्रदेश में सात हजार खिलाड़ियों सहित कुल 10 हजार मेहमान आ रहे हें। यह यादगार आयोजन होगा। उन्‍होंने कहा कि खेलों इंडिया प्रधानमंत्री की महत्‍वाकांक्षी योजना है।

रिलेटेड पोस्ट्स