विद्याज्ञान स्कूल सीतापुर बना ओवरआल चैम्पियन

सुदिति ग्लोबल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने जीते 18 मेडल
राज्यस्तरीय सीबीएसई क्लस्टर-4 एथलेटिक्स प्रतियोगिता
खेलपथ संवाद
सैफई (इटावा)।
सैफई के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में हुई तीन दिवसीय राज्यस्तरीय सीबीएसई क्लस्टर-4 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सीतापुर का विद्याज्ञान स्कूल ओवरआल चैम्पियन बना वहीं इटावा का सुदिति ग्लोबल स्कूल रनरअप रहा। डीपीएस कल्यानपुर कानपुर को तीसरा स्थान मिला। इस प्रतियोगिता में सुदिति ग्लोबल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने चार गोल्ड, सात रजत तथा सात कांस्य पदक सहित कुल 18 पदक जीते।
प्रतियोगिता के शुभारम्भ अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए, जिसमें छात्राओं द्वारा प्रस्तुत योगा कार्यक्रम की हर किसी ने मुक्तकंठ से सराहना की। इस प्रतियोगिता के सफल संचालन में सुदिति ग्लोबल स्कूल के स्पोर्ट्स टीचरों ओ.पी. यादव, अजय कुशवाहा, अभिषेक चौधरी, वंदना शुक्ला तथा अनू सैनी का विशेष योगदान रहा। सोमवार को अंडर 17 बालिका रिले रेस में विद्याज्ञान स्कूल सीतापुर की निकिता तिवारी, गरिमा मौर्या, जानवी सिंह और ज्योति कुशवाहा की चौकड़ी ने स्वर्ण, आर्मी पब्लिक स्कूल नेहरू रोड लखनऊ की शिखा यादव, दिव्यांशी यादव, रायसा तेवलिया और तान्या सिंह ने रजत तथा सेंट जेवियर्स हाईस्कूल हरदोई की श्रेया सिंह, श्रेया पटेल, तान्या सिंह व बुशरा ने कांस्य पदक से अपना गला सजाया।
बालिकाओं की 200 मीटर रिले दौड़ में भी विद्याज्ञान स्कूल सीतापुर की लड़कियों ने बाजी मारा। इस रिले रेस में प्रत्यक्षी कुशवाहा, अर्जिता सिंह, प्रिंसी यादव और अंशी त्रिवेदी विद्याज्ञान स्कूल सीतापुर ने स्वर्ण, सोनम यादव, सुमिखि गोयल, अक्षरा वर्मा, शुभी यादव डीपीएस कल्याणपुर कानपुर ने रजत और तनीषा चौधरी, तनु चौधरी, महिमा चौधरी व तपस्या डीपीएस वर्ल्ड स्कूल खैर अलीगढ़ ने कांस्य पदक जीता। अंडर 17 बालक वर्ग की चार गुणा चार सौ मीटर रिले दौड़ में आदित्य प्रजापति, सौरभ राय, अजय कुमार पाल, विनोद मौर्या विद्याज्ञान स्कूल सीतापुर ने स्वर्ण, विशाल सिंह, विशाल कुमार शर्मा, अतुल कुमार जीएसएम एजुकेशनल एकेडमी मथुरा ने रजत और यश कुमार, तनिष्क तोमर, अंकित कपिल चौधरी डीपीएस वर्ल्ड स्कूल ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-17 बालिका डिस्कस थ्रो में मुदिता अवस्थी डीपीएस कल्याणपुर कानपुर ने स्वर्ण, मुस्कान कुशवाहा बालाजी स्कूल झांसी ने रजत और सौम्या सुदिति ग्लोबल एकेडमी इटावा ने कांस्य पदक जीता। अंडर-19 गर्ल्स डिस्कस थ्रो में अनुष्का दीक्षित मणिपाल पब्लिक स्कूल ओमेक्स सिटी लखनऊ ने स्वर्ण, मुस्कान साहू बालाजी स्कूल झांसी ने रजत और कशिश चपराना ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल अलीगढ़ ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-19 गर्ल्स जैवलिन थ्रो में युविका राज बालाजी स्कूल झांसी ने स्वर्ण, दीपांजलि सुदिति ग्लोबल एकेडमी इटावा ने रजत और ऊर्जा पार्वती राधा कृष्णा फार्मा स्कूल मथुरा ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर-19 बालक जैवलिन थ्रो में चिराग छापर एसजी पब्लिक स्कूल अकोला आगरा ने स्वर्ण, अर्पित दुबे सुदिति ग्लोबल एकेडमी इटावा ने रजत और अभिषेक यादव चंदरेज सिंह चिल्ड्रन एकेडमी जौनपुर ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर 17 बालक जैवलिन थ्रो में सुमित कुमार एसजी पब्लिक स्कूल अकोला आगरा ने स्वर्ण, अनुज कुमार सेंट सीएफ एंड्रयूज स्कूल आगरा ने रजत और शुभम सिंह मणिपाल पब्लिक स्कूल ओमेक्स सिटी लखनऊ ने कांस्य पदक प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सुदिति ग्लोबल स्कूल के निदेशक मयंक कुमार और प्रधानाचार्य कमल कुमार ने विभिन्न जनपदों के स्कूलों से आए विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी हौसलाअफजाई की। इतना ही नहीं इस अवसर पर प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

 

रिलेटेड पोस्ट्स