उत्तर प्रदेश में शीघ्र खुलेगी तीरंदाजी एकेडमी: अवनीश अवस्थी

राष्ट्रीय महिला तीरंदाजी प्रतियोगिता की विजेता सम्मानित
खेलपथ संवाद
गोवर्धन (मथुरा)।
उत्तर प्रदेश तीरंदाजी एसोसिएशन के अध्यक्ष अवनीश अवस्थी ने सोमवार को तीरंदाजी प्रतियोगिता की विजेता बेटियों को सम्मानित करते हुए भरोसा दिया कि प्रदेश में शीघ्र ही तीरंदाजी एकेडमी खोली जाएगी ताकि हमारी बेटियां उत्कृष्ट धनुर्धर बन सकें। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी खेल में उत्तर प्रदेश काफी बेहतर कर रहा है तथा आगे और भी बेहतर करेगा।
खेलो इंडिया के तहत आयोजित राष्ट्रीय महिला तीरंदाजी प्रतियोगिता का सोमवार को मुख्यमंत्री के सलाहकार और पूर्व अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी द्वारा विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर किया गया। श्री अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीरंदाजी की शुरुआत के समय भारत का तीरंदाजी में 23वां स्थान था जो अब विश्व में दूसरे स्थान पर है। तीरंदाजी को बढ़ाने में उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ का योगदान अहम रहा है। उन्होंने इस अवसर पर नौ दिवसीय राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता कराने के साथ ही उत्तर प्रदेश में तीरंदाजी एकेडमी स्थापित करने का भी आश्वासन दिया।
अवस्थी ने कहा तीरंदाजी वैज्ञानिक एवं एकाग्रचित्त होकर खेले जाने वाला खेल है। प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों का भरपूर सम्मान किया है। उन्होंनेे भविष्य में हर खिलाड़ी का मान सम्मान रखने का आश्वासन दिया। उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के महासचिव अजय गुप्ता ने कहा कि तीरंदाजी अनुशासन का खेल है, जो जितना ज्यादा अनुशासित होगा उतना ही कुशल खिलाड़ी बनेगा। 
1994 में उत्तर प्रदेश में तीरंदाजी खेल की शुरुआत हुई। तब यहां ढाई हजार खिलाड़ी हुआ करते थे, अब 4000 खिलाड़ी हैं। एसडीएम डॉ. सुरेश कुमार, सीओ राममोहन शर्मा ने अवनीश अवस्थी का स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह, योगेंद्र सिंह राणा, रामबाबू शर्मा, सत्यदेव, मनोज, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह राणा, कैलाश, सुरेश चंद्र, श्याम सुंदर उपाध्याय, भरत सिंह आदि का सहयोग रहा।
इन तीरंदाज बेटियों का रहा जलवा
सीनियर, जूनियर एवं सब जूनियर रिकर्व कैटेगरी में कोमलिका बारी झारखंड, अंशिका झारखंड, प्रिया वेस्ट बंगाल स्वर्ण पदक विजेता रहे। कंपाउंड कैटेगरी में पूर्वषा महाराष्ट्र, साक्षी चौधरी उत्तर प्रदेश, परनत कौर पंजाब स्वर्ण पदक विजेता रही। इसी क्रम में रजत पदक विजेता मधु उत्तर प्रदेश, सुमीन आसाम, तिशा पूनिया हरियाणा, किरण हरियाणा, कंपाउंड में सुमेना असम अवनीत कौर पंजाब ऐश्वर्या दिल्ली रजत पदक विजेता रही। रिकर्व कैटेगरी में कांस्य पदक विजेता सीमा वर्मा गुजरात, तमन्ना हरियाणा, एवं भजन कौर हरियाणा रही। कंपाउंड कैटेगरी के कांस्य पदक विजेताओं में मधुलिका कुमारी झारखंड, रिया डागर दिल्ली, टीचिकिता तेलंगाना रहीं।

रिलेटेड पोस्ट्स