सबीना यादव अध्यक्ष, स्वाती सिंह बनीं उपाध्यक्ष

उत्तर प्रदेश भारोत्तोलन संघ में बदलाव की झलक
खेलपथ संवाद
आगरा।
उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एल. नागेश्वर राव ने भारतीय ओलम्पिक संघ के संविधान में संशोधन कर प्रदेश ओलम्पिक इकाइयों तथा खेल संगठनों को भी महिलाओं को अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व देने को मजबूर कर दिया है। जो व्यवस्था भारतीय ओलम्पिक संघ में लागू होने जा रही है, उसी तरह का अनुपालन अब प्रदेश की ओलम्पिक इकाइयों के साथ अन्य खेल संगठनों को भी करना होगा। गुरुवार को आगरा में हुए उत्तर प्रदेश भारोत्तोलन संघ के चुनाव में नोएडा की सबीना यादव को अध्यक्ष तथा वाराणसी की स्वाती सिंह को उपाध्यक्ष चुना जाना इसी बात का संकेत है।
गौरतलब है कि गुरुवार को देर रात तक हुए उत्तर प्रदेश भारोत्तोलन संघ के चुनाव में पहली बार महिलाओं को बड़े पदों से नवाजा गया है। इस चुनाव में नोएडा की सबीना यादव को अध्यक्ष तथा वाराणसी की स्वाती सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। आगरा में उत्तर प्रदेश भारोत्तोलन संघ की बैठक में नये पदाधिकारियों का चुनाव हुआ। चुनाव में पांच महिलाओं नोएडा की सबीना यादव को अध्यक्ष, बनारस की स्वाती सिंह को उपाध्यक्ष, पूनम तिवारी व खुशबू को संयुक्त सचिव तथा चंचल और बरेली के हरिशंकर को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। निरलैब सिंह महासचिव तथा प्रदीप कोषाध्यक्ष चुने गए। अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर स्वाती सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि खेलकूद के क्षेत्र महिलाओं को खूब अवसर मिल रहे हैं। देश की बेटियों को किसी एक खेल को खेलना चाहिए। हर क्षेत्र में बेटियां कमाल कर रही हैं। वेटलिफ्टिंग के सुधार के लिए बनारस सहित समूचे उत्तर प्रदेश में जो कुछ करना होगा, सब करूंगी।  अध्यक्ष सबीना यादव ने कहा कि वह राज्य में वेटलिफ्टिंग में बेटियों को आगे लाने के लिए अधिक से अधिक प्रतियोगिताएं कराएंगी तथा उभरती लिफ्टरों को मौका देंगी।
  

रिलेटेड पोस्ट्स