उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय स्वात चैम्पियनशिप में फहराया परचम

खिलाड़ियों ने 23 स्वर्ण, नौ रजत तथा 10 कांस्य पदक जीते
बिंदु कुमारी को मिला सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
देश की राजधानी दिल्ली में 12 से 13 नवम्बर तक आयोजित पांचवीं राष्ट्रीय स्वात (फ्रेंच बॉक्सिंग) चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए 23 स्वर्ण, नौ रजत तथा 10 कांस्य पदक जीतते हुए चैम्पियनशिप ट्रॉफी भी अपने नाम की।  
उत्तर प्रदेश टीम के कोच केबी पंत के कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने पदकों की झड़ी लगाते हुए सर्वाधिक 42 पदक अपने नाम किए। इनमें 23 स्वर्ण, नौ रजत तथा 10 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में सबसे अधिक पदक जीतने के कारण उत्तर प्रदेश को पहला स्थान प्राप्त हुआ। उत्तर प्रदेश की बिंदु कुमारी को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब मिला। उत्तर प्रदेश स्वात संघ के सचिव केबी पंत ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर संतुष्टि जताते हुए कहा कि आगामी प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ी और बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
लखनऊ स्वात संघ के सचिव व उत्तर प्रदेश टीम के मैनेजर सदन यादव ने कहा कि लखनऊ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 30 पदक प्राप्त किए तथा आगामी प्रतियोगिताओं में लखनऊ के खिलाड़ी और भी बेहतर प्रदर्शन करके जिले व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उत्तर प्रदेश स्वात एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज दीक्षित, उपाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी, सचिव के.बी. पंत, कोषाध्यक्ष कमल जोशी आदि ने खिलाड़ियों को शाबासी दी। गौरतलब है कि स्वात एसोसिएशन दिल्ली द्वारा पांचवीं राष्ट्रीय स्वात प्रतियोगिता 2022 का आयोजन स्वात एसोसिएशन इंडिया के तत्वावधान में किया गया। इस प्रतियोगिता में 17 राज्यों सहित के लगभग 350 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 
इन्होंने जीते पदकः स्वर्ण पदक- बिंदू कुमारी, स्निग्धा मालवीय, यश कुमार यादव, आयत शाह, माही चौरसिया, शिरस्ती सोनी, इशिका त्रिपाठी, साक्षी गौर, नंदनी सोनकर, ऋतिका शर्मा, अनामिका वर्मा, सक्षम श्रीवास्तव, परमार्थ शंकर सिंह, अभय पोरवाल, प्रद्युम्न शंकर सिंह, शाश्वत सिंह, सचिन सिमौलिया, अंशुमा कुशवाहा, रोनित यादव, राघवेंद्र यादव, विकास सहरावत, सुनील डागर, लक्ष्मण सिंह। रजत पदक- विकास कुमार सिंह, रोहित शर्मा, शाम्भवी मिश्रा, देवांश चौधरी, प्रियांशु, गिरधारी लाल, अंकित त्यागी, दीपक, पुनीत कुमार। कांस्य पदक- आसवन कुमार, आयुष मौर्य, शगुन सोनकरी, गुलशन गुप्ता, आदित्य सोनकरी, प्रतीश यादव, दीपेश यादव, साहित्य श्रीवास्तव, प्रशांत कुमार सिंह, राहुल देव।

रिलेटेड पोस्ट्स