जागसी के पहलवान नितेश ने स्पेन में जीता कांस्य

ग्रीको रोमन वर्ग के तीन पहलवानों ने कांस्य पदक जीते
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
स्पेन में चल रही अंडर-23 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में सोनीपत जिले के एक और पहलवान ने कांस्य पदक जीता है। वहीं मंगलवार को गांव कासंडी के साजन भानवाला ने कांस्य पदक जीतकर देश का खाता खोला था। यह पहली बार है जब इस प्रतियोगिता में देश के ग्रीको रोमन वर्ग के तीन पहलवानों ने कांस्य पदक जीते हैं। 
गांव कांसडी के साजन भानवाला ने मंगलवार तो बुधवार को गांव जागसी के नितेश ने कांस्य पदक जीते हैं। इसके अलावा गांव मांडोठी, झज्जर के विकास ने भी कांस्य पदक जीता है। साजन और नितेश के कांस्य पदक जीतने पर खरखौदा के प्रताप स्कूल, विकास के गांव मांडोठी में बधाइयों देने वालों का तांता लगा हुआ है। स्कूल के निदेशक द्रोणाचार्य अवार्डी कोच ओमप्रकाश दहिया और प्राचार्य धर्मप्रकाश आर्य ने सभी को जीत की बधाई दी है।
विकास (72 किलोग्राम) और नितेश (97 किलोग्राम) ने अंडर-23 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीते हैं। इसके साथ ही भारत इस प्रतियोगिता की ग्रीको रोमन
शैली में तीन पदक जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहा। विकास ने कांस्य पदक के मुकाबले में जापान के दाइगो कोबायाशी को 6-0 से हराया, जबकि नितेश ने ब्राजील के इगोर फर्नांडो अल्वेस डी क्विरोज को तकनीकी श्रेष्ठता से पराजित किया। इससे पहले साजन भानवाला ने 77 किलोग्राम में कांस्य पदक जीता था।

रिलेटेड पोस्ट्स