हरियाणा-पंजाब के बीच होगा महिला हॉकी का फाइनल

राष्ट्रीय खेलः रानी रामपाल-सविता पूनिया पर नजर
लड़कर हारी मध्य प्रदेश की टीम
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद।
राष्ट्रीय खेलों में महिला हॉकी का फाइनल 10 भारतीय खिलाड़ियों से सुसज्जित हरियाणा और पंजाब के बीच खेला जाएगा। हरियाणा ने अंतिम चार में झारखंड को 5-2 से पराजित किया। ये पांचों गोल भारतीय टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल ने किए। वहीं, पंजाब को मध्य प्रदेश पर जीत दर्ज करने के लिए खेल के अंतिम मिनट तक इंतजार करना पड़ा। उसने 2-1 से जीत हासिल की। 
हरियाणा ने झारखंड पर एक समय 3-0 की बढ़त ले रखी थी। तीनों गोल रानी ने किए थे। यहां दो मिनट के अंतराल में संगीता कुमारी और सलीमा टेटे ने झारखंड के लिए गोल कर स्कोर 2-3 कर दिया, लेकिन रानी ने 49वें और 58 मिनट में गोलकर हरियाणा को आसानी से जीत दिला दी। वहीं, पंजाब के लिए पहला गोल भारतीय टीम की ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर ने किया, लेकिन इशिका चौधरी ने मध्य प्रदेश को बराबरी दिला दी। खेल के 59वें मिनट में भारतीय टीम की फारवर्ड लालरेमसियामी ने गोलकर पंजाब को जीत दिलाई।
चंडीगढ़ के करणदीप कोचर गोल्फ में जीते
चंडीगढ़ करणदीप कोचर ने गोल्फ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 अंडर 267 का स्कोर कर स्वर्ण जीता। हरियाणा अभिनव लोहान ने रजत और इसी राज्य के सनहित बिश्नोई ने कांस्य जीता। करणदीप ने अनंत सिंह अहलावत के साथ मिलकर चंडीगढ़ को टीम का स्वर्ण भी दिलाया। कर्नाटक को रजत और दिल्ली को कांस्य मिला। महिलाओं में कर्नाटक की अवनि प्रशांत ने स्वर्ण, पंजाब की अमनप्रीत कौर ने रजत और हरियाणा की वाणी कपूर ने कांस्य जीता। अवनि और दुर्गा ने कर्नाटक को टीम का स्वर्ण दिलाया। हरियाणा ने रजत और पंजाब ने कांस्य जीता।

रिलेटेड पोस्ट्स