नेटबॉल में हरियाणा ओवरऑल चैम्पियन

राष्ट्रीय खेलः तीरंदाजी में ऋषभ का गोल्ड पर निशाना
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद।
गुजरात में चल रहे 36वें नेशनल गेम्स में तीरंदाजी के इंडिविजुअल कंपाउंड राउंड में हरियाणा के ऋषभ यादव ने स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा के खिलाड़ी गुजरात में चल रहे नेशनल गेम्स में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। कुश्ती के अलावा अन्य खेलों में भी यहां के खिलाड़ी अपना लोहा मनवा रहे हैं। नेटबॉल में हरियाणा ओवरऑल चैम्पियन बना है। लड़कों व लड़कियों की टीमों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीते हैं।
लड़कियों के नेटबॉल के अंतिम मैच में हरियाणा और पंजाब के मध्य कड़ा मुकाबला हुआ। हरियाणा की टीम ने पंजाब की टीम को 53-49 प्वाइंट के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता। लड़कों के नेटबॉल का अंतिम मैच हरियाणा और तेलंगाना के मध्य हुआ। यह मैच भी रोमांच से भरा रहा, जिसमें हरियाणा की टीम ने तेलंगाना को 75-73 से मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।
हॉकी में लड़कियों की टीम की जीत का सिलसिला जारी
हॉकी के पूल-ए के मैचों में हरियाणा की लड़कियों की टीम लगातार जीत रही है और उम्मीद है कि वे अंतिम मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा करेगी। पूल-ए के अपने पहले मुकाबले में हरियाणा ने गुजरात को 30-1 के भारी अंतर से हराया। हरियाणा ने पहले क्वार्टर में 4, दूसरे क्वार्टर में 8 और तीसरे व चौथे क्वार्टर में 9-9 स्कोर हासिल किए। जबकि गुजरात की टीम केवल तीसरे क्वार्टर में एक स्कोर ही कर सकी। इसी प्रकार, उड़ीसा के साथ हुए एक अन्य मुकाबले में भी हरियाणा ने 4-0 से उड़ीसा को हराया। इसके अलावा, हरियाणा की लड़कियों की हॉकी टीम ने 5-1 के अंतर से उत्तर प्रदेश को मात देकर अपने विजय रथ को कायम रखा है।
हरियाणा के खाते में 25 स्वर्ण सहित कुल 66 पदक
5 अक्टूबर शाम 5 बजे तक हरियाणा के खाते में 25 स्वर्ण पदक, 22 रजत और 19 कांस्य पदक हैं। इन खेलों में हरियाणा के 600 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अभी तक हरियाणा के खिलाड़ियों ने तीरंदाजी में 1 स्वर्ण पदक, एथलेटिक्स में 3 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक, साइकिलिंग में 2 स्वर्ण और 2 रजत पदक, फेंसिंग में 1 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक, कबड्डी में 2 कांस्य पदक, नेटबॉल में 2 स्वर्ण, रोइंग में 3 रजत और 1 कांस्य पदक, रग्बी में 1 स्वर्ण पदक, शूटिंग में 2 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक, टेबल टेनिस में 1 रजत पदक, टेनिस में 1 कांस्य पदक, वेटलिफ्टिंग में 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक, कुश्ती में 12 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य पदक जीते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स