तनावमुक्त होकर प्रतिस्पर्धा में उतरें खिलाड़ीः संचालक खेल रवि गुप्ता

राष्ट्रीय खेलों में मध्य प्रदेश का 298 सदस्यीय दल
35वें राष्ट्रीय खेलों में जीते थे 91 पदक
खेलपथ संवाद
भोपाल।
गुजरात में हो रहे 36वें राष्ट्रीय खेलों में मध्य प्रदेश के 298 खिलाड़ी 25 खेलों में कौशल दिखाएंगे। 35वें राष्ट्रीय खेलों में मध्य प्रदेश ने 91 मेडल जीतते हुए पदक तालिका में छठा स्थान हासिल किया था। इस बार मध्य प्रदेश का लक्ष्य शीर्ष पांच में स्थान बनाना है। संचालक खेल रवि गुप्ता ने खिलाड़ियों से तनावमुक्त होकर प्रतिस्पर्धा में उतरने का आह्वान किया है।
गुजरात में 12 अक्टूबर तक होने वाले 36वें राष्ट्रीय खेलों में भोपाल से मध्यप्रदेश के 298 खिलाड़ियों का दल शिरकत करने रवाना हुआ। प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और संचालक खेल रवि गुप्ता ने मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की और जीत की शुभकामनांए दीं। खिलाड़ियों के दल रवाना को रवाना होने से पहले तात्या टोपे नगर स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने 36वें राष्ट्रीय खेलों के मध्यप्रदेश के प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों को लेकर मध्यप्रदेश ने अच्छी तैयारी की है, परिणाम भी वैसे ही होने की उम्मीद है। 
प्रदेश में खिलाड़ियों को सर्वसुविधायुक्त प्रशिक्षण के अतिरिक्त बेहतर डाइट, मेन्टल वेलनेस और खिलाड़ियों की इंज्युरी जैसी बारीकियों पर भी पूरा ध्यान दिया है। खेल मंत्री सिंधिया ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी 36वें राष्ट्रीय खेलों में नया कीर्तिमान रचेंगे। संचालक खेल रवि गुप्ता ने राष्ट्रीय खेलों में शामिल होने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि पूरी मेहनत और लगन से बेहतर प्रदर्शन करें, मानसिक तनाव लेने से बचें और एकाग्रता से कॉम्पिटीशन पर फोकस करें। उन्होंने कहा कि अगर मानसिक तनाव लेकर पदक के लिए खेलेंगे तो अच्छा परफॉर्मेंस नहीं कर पाएंगे।
खेल संचालक गुप्ता ने बताया कि सात साल के लम्बे अंतराल के बाद 36वें राष्ट्रीय खेल गुजरात में हो रहे हैं, मध्यप्रदेश लगभग 25 खेलों में भाग ले रहा है। दल में 298 खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पिछले राष्ट्रीय खेलों में मध्यप्रदेश 91 पदक लेकर छठवें स्थान पर था। इस वर्ष हमारी उम्मीद और बेहतर प्रदर्शन की है, इस बार शीर्ष पांच में रहने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सॉफ्ट टेनिस, रोलर स्केटिंग जैसे खेलों को भी शामिल किया गया है।

रिलेटेड पोस्ट्स