उत्तर प्रदेश के 307 खिलाड़ी 26 खेलों में लेंगे हिस्साः आनंदेश्वर पांडेय

उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के पैसे से तैयार हुई खिलाड़ियों की किट
राष्ट्रीय खेलों में इस बार लगभग 80 पदक जीतने की उम्मीद
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
अहमदाबाद में गुरुवार से शुरू हो रहे 36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश के 307 खिलाड़ी 26 खेलों में हिस्सा लेंगे। इन खेलों में उत्तर प्रदेश का 415 सदस्यीय दल शामिल होगा। उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के दल का ध्वजवाहक ओलम्पियन जेवलिन थ्रोअर अन्नू रानी को बनाया गया है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के महासचिव आनन्देश्वर पाण्डेय ने दी।
पांडेय ने बताया कि 36वें राष्ट्रीय खेल 29 सितम्बर से 12 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके लिए उत्तर प्रदेश ओलम्पिक एसोसिएशन ने खिलाड़ियों व आफिशियल की अंतिम सूची जारी कर दी है। आनंदेश्वर पांडेय ने बताया कि नेशनल गेम्स से पहले विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों का कोचिंग कैंप उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के समन्वय से उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में आयोजित किया गया था, जिससे इन खेलों के लिए उत्तर प्रदेश की टीमों की पुख्ता तैयारी हो सके।
उन्होंने बताया कि दल में शामिल उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय द्वारा प्रदत्त किट की राशि में उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ द्वारा अपनी तरफ से सहयोग करते हुए सभी को उच्चकोटि की किट प्रदान की गयी है। पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस बात के लिए साधुवाद दिया कि अब राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आवागमन के लिए रेलवे की एसी थ्री टियर कोच की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही प्रतिभावान खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में भर्ती देने के लिए खेल कोटे में दो फीसदी सीटों का आरक्षण देने के लिए भी उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ मुख्यमंत्री का आभार जताता है। वर्तमान में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में खेलों को दी जा रही उत्कृष्ट सुविधाओं के चलते उत्तर प्रदेश में खेलों का कायाकल्प हो रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के दल में कुल 307 खिलाड़ी (187 पुरुष, 120 महिला) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हालांकि राष्ट्रीय खेलों में टेबल टेनिस की स्पर्धाएं हो चुकी हैं, जिसके चलते उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी 25 खेलों में पदकों के लिए दावेदारी करने उतरेंगे। वहीं किन्हीं कारण वश हैंडबॉल को नेशनल गेम्स में जगह नहीं मिल सकी है। इससे पूर्व केरल में 31 जनवरी से 15 फरवरी 2015 तक आयोजित 35वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण, 31 रजत व 30 कांस्य पदक सहित कुल 68 पदक अपने नाम किए थे।
36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश की संभावनाओं के बारे में उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिजीत सरकार ने बताया कि बेहतर तैयारियों के चलते उन्हें उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ते हुए पहले से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 80 पदक जीत सकते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स