पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ला गणेशन विवादों में

बेंगलुरू एफसी ने जीता डूरंड कप
क्या राज्यपाल ने सुनील छेत्री को धक्का दिया
नई दिल्ली।
डुरंड कप 2022 का खिताब बेंगलुरू एफसी की टीम के नाम रहा। फाइनल में बेंगलुरू ने मुंबई सिटी एफसी को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट अपने नाम किया। बेंगलुरू की टीम पहली बार यह खिताब जीतने में कामयाब रही है। टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने भी पहली बार ही यह खिताब जीता है। यह टूर्नामेंट जीतने के बाद सुनील छेत्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ला गणेशन सुनील छेत्री को धक्का देकर हटाते दिख रहे हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। 
पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भी इस मामले में अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सुनील छेत्री के साथ हुई घटना का वीडियो शेयर करते हुए इसे शर्मनाक करार दिया। डुरंड कप 2022 का खिताब जीतने वाली टीम बेंगलुरू के कप्तान सुनील छेत्री को स्टेज पर बुलाकर ट्रॉफी दी जा रही थी। इस दौरान पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ला गणेशन भी स्टेज में मौजूद थे और खिलाड़ियों को ट्रॉफी दे रहे थे। ट्रॉफी लेते समय सुनील छेत्री ला गणेशन के सामने आ गए। इसके बाद गणेशन ने सुनील छेत्री के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें अपने सामने से हटा दिया। ऐसे में सुनील छेत्री ने एक हाथ से ट्रॉफी ली। 
सुनील से पहले शिव शक्ति को भी किनारे हटाया
फाइनल मैच में बेंगलुरू के लिए शिव शक्ति ने शानदार गोल किया था। उन्होंने मैच के 10वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई थी। इसके बाद 61वें मिनट में ब्राजील के एलन कोस्टा ने टीम के लिए दूसरा गोल किया। यही गोल निर्णायक साबित हुआ और बेंगलुरु की टीम चैम्पियन बन गई। शिव शक्ति को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन जब वह अपना पुरस्कार लेने पहुंचे तो उन्हें भी किनारे हटाया गया। अवॉर्ड लेते समय शिव शक्ति को भी धक्का देकर किनारे कर दिया गया और उन्होंने भी एक हाथ से ही अपना अवॉर्ड लिया। 
खिलाड़ियों के अपमान का वीडियो सामने आने के बाद राज्यपाल को जमकर ट्रोल किया जा रहा है। कई यूजर्स ने लिखा कि डुरंड कप जीतने पर राज्यपाल को बधाई। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि इस मामले पर राज्यपाल को माफी मांगनी चाहिए। 

रिलेटेड पोस्ट्स