खेल दिवस पर रायसेन के प्रशिक्षक और खिलाड़ी सम्मानित

भारत सरकार के ‘‘आओ खेलें भी और खिले भीं’’ अभियान को दी गति

खेलपथ संवाद

भोपाल। रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्म दिवस ‘‘राष्ट्रीय खेल दिवस’’ उत्साह पूर्वक मनाया गया। यह कार्यक्रम आरएनटीयू और खेल और युवा कल्याण विभाग रायसेन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस मौके पर खेलों में रायसेन जिले और विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय सिंह और विशिष्ट अतिथि जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी जलज चतुर्वेदी तथा विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव ऋत्विक चौबे के कर-कमलों से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जलज चतुर्वेदी ने विश्वविद्यालय का आभार व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय द्वारा रायसेन जिले के उभरते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। श्री चतुर्वेदी ने कहा कि खेलों के महत्व को देखते हुए आरएनटीयू खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी आगे बढ़ने हेतु बेहतर प्लेटफार्म उपलब्ध करवा रहा है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि खिलाड़ियों ने जिले का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उम्मीद है कि इसी तरह आगे भी यहां के खिलाड़ी जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहेंगे।

इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय सिंह ने कहा कि खेलों में हमारा देश अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय निरंतर पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफार्म उपलब्ध करवाता आ रहा है। विश्वविद्यालय रायसेन जिले के खिलाड़ियों को सम्मानित कर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। विश्वविद्यालय खिलाड़ियों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था प्रदान करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर विश्वविद्यालय के जूडो खिलाड़ी मोहित (ब्रांज मेडल, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2021-22) को दस हजार का चेक देकर पुरस्कृत किया गया, हर्ष चौहान, (ओपन नेवी विंड सर्फिंग चैम्पियनशिप गोल्ड मेडलिस्ट), रायसेन जिले की इंटरनेशनल खिलाड़ी सोनिया कुमरे (जूनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप खेलो इंडिया हॉकी लीग में कांस्य पदक वर्तमान में हालैण्ड में खेल रही हैं), राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी प्राशु परिहार (सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैम्पियनशिप 2021 में स्वर्ण पदक), याकूब सिद्दीकी (64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक), रेखा जाट (खेलो इंडिया गेम्स हरियाणा कुश्ती में कांस्य पदक), दीपा राजपूत (राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक), रेणु यादव (सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैम्पियनशिप 2021 में स्वर्ण पदक), श्वेता डागौर (इंटर डिपार्टमेंट सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में कांस्य) सहित 147 अंतरविश्वविद्यालयीन खिलाड़ियों को ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में खिलाड़ियों को तराशने वाले खेल प्रशिक्षक निसार उल्ला खान (फुटबाल में राष्ट्रीय स्तर के 50 खिलाड़ी तैयार किये),  अरविन्द जरारिया  हैण्डबाल प्रशिक्षक बरेली (राष्ट्रीय स्तर के 5 खिलाड़ी तैयार किये)  वी.एस. बुन्देला, फुटबाल प्रशिक्षक रायसेन (राष्ट्रीय स्तर के 8 खिलाड़ी तैयार किये एवं जिले में फुटबाल को प्रोत्साहन दिया),  दिनेश दांगी, एथलेटिक्स प्रशिक्षक मण्डीदीप (राष्ट्रीय स्तर के 5 खिलाड़ी तैयार किये एवं जिले में एथलेटिक्स को प्रोत्साहन दिया),  प्रहलाद राठौर, राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक (राष्ट्रीय स्तर के 50 खिलाड़ी तैयार किये) सहित अन्य प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान व मेजर ध्यानचंद को पुष्प अर्पण कर हुआ। इस आयोजन के समन्वयक विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ऑफीसर सतीश अहिरवार, जनसंपर्क अधिकारी विजय प्रताप सिंह और एनसीसी ऑफीसर मनोज सिंह मनराल थे। मंच संचालन विश्वविद्यालय के एनसीसी ऑफीसर सब लेफ्टिनेंट मनोज मनराल ने किया। उप कुलसचिव समीर चौधरी ने सभी का आभार माना। इस मौके पर बड़ी संख्या में रायसेन जिले के खिलाड़ी और प्रशिक्षक सहित विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं और प्राध्यापक उपस्थित थे।

रिलेटेड पोस्ट्स