यूपी के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने गिनाईं उपलब्धियां

कहा- 100 दिन में 132 खेल मैदानों तथा 100 जिमों की हुई स्थापना
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में युवाओं के समग्र विकास के लिए वातावरण बनाने में योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से कई सफल व दूरगामी कदम उठाए गए हैं। इनमें खेल और शारीरिक सौष्ठव को प्रोत्साहन देने के लिए कई योजनाओं को सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम 100 दिनों में पूरा किया गया है। बीते 100 दिन में प्रदेश में 132 खेल मैदानों तथा 100 जिमों की स्थापना हुई है। यह जानकारी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने लोकभवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों को दी। 
खेल मंत्री श्री यादव ने कहा कि युवाओं के जीवन व भविष्य में खेलों के महत्व को रेखांकित करने हेतु अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को राजपत्रित पदों पर नियुक्ति हेतु नियमावली प्रख्यापित की गई है। मेरठ में आकार ले रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय हेतु कुलपति, कुलसचिव और वित्त अधिकारी के पद स्वीकृत कर दिये गए हैं। इससे इस महत्वाकांक्षी योजना के काम में तेजी आई है।
अंतरराष्ट्रीय चेस (शतरंज) फेडरेशन द्वारा 44वीं शतरंज ओलम्पियाड प्रतियोगिता भारत में आयोजित करने के उपलक्ष्य में लखनऊ में टॉर्च रिले आयोजित की गई जिसका मुख्यमंत्री ने स्वागत किया था। मेरठ में सिंथेटिक हॉकी फील्ड, सहारनपुर एवं वाराणसी में सिन्थेटिक रनिंग ट्रैक तथा गोरखपुर में जंगल कोडिया विकास खंड में स्टेडियम का निर्माण किया गया है। साथ ही प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों और छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है।
प्रदेश में 132 खेल मैदानों और 100 जिमों की स्थापना की गई है। अखिल भारतीय खेलो इंडिया मिशन के अंतर्गत पाँच परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं, ये हैं– लखनऊ (मऊ-मोहनलालगंज), बस्ती (बरगदहिया–सूदीपुर), बरबकी (धरौली), सोनभद्र (नगाँव) और पीलीभीत (सिमरिया)। आगरा (चाहरवाटी) में एक व हमीरपुर (राठ और टिकरौली) में दो ग्रामीण मिनी स्टेडियमों का निर्माण पूरा किया गया है।
श्री यादव ने बताया कि युवा कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए 1000 मंगल दलों का गठन किया गया है। प्रांतीय रक्षा दल (पीआरडी) के अंतर्गत 20,000 जवानों को प्रत्येक माह ड्यूटी दी जा रही है और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गांधीनगर, गुजरात, द्वारा इन पीआरडी जवानों को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि यूपी के आजमगढ़, अलीगढ़, बस्ती, देवीपाटन, मुरादाबाद और विंध्याचल में छात्रावास नहीं हैं। इन जिलों में छात्रावास के निर्माण करने का लक्ष्य रखा गया है वहीं उन्होंने बताया कि संभल, चंदौली हापुड़ और शामली में स्टेडियम के लिए जमीन चिन्हित कर ली गयी है।
श्री यादव ने अपने विभाग की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि महिला सशक्तीकरण और महिलाओं की सहभागिता के लिए एक हजार मंगल दलों का गठन किया गया है। इसके साथ ही जेम पोर्टल के माध्यम से साल 2021 में 65 हजार मंगल दलों को खेल प्रोत्साहन सामग्री वितरित की गई है। जो 15 हजार मंगल दल बचे हैं उनको जल्द ही प्रोत्साहन सामग्री दी जाएगी। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में मनरेगा कन्वर्जेंस से 132 खेल मैदानों एवं जिमों की स्थापना कराई गई है। खेलो इंडिया की 5 परियोजनाओं को भी पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर महिला सशक्तीकरण एवं महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत 485 महिला मंगल दलों सहित कुल 1000 मंगल दलों का गठन किया गया। ग्राम पंचायत स्तर पर अब तक 46,205 युवक मंगल दल तथा 40,327 महिला मंगल दल, इस प्रकार कुल 86,532 मंगल दल गठित हो चुके हैं।
मंत्री श्री यादव ने बताया कि राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गांधी नगर गुजरात से पीआरडी जवानों के प्रशिक्षण संबंधी स्वीकृति प्राप्त कर ली गई है तथा 19 जुलाई से प्रशिक्षण प्रारम्भ हो जायेगा। इसी के साथ ही एनआईएस, पटियाला में नवनियुक्त क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों एवं व्यायाम प्रशिक्षकों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। 
उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार के तेन्जिंग नॉर्गे अवॉर्ड की तर्ज पर प्रदेश में मुख्यमंत्री एडवेंचर अवॉर्ड की स्थापना अंतिम चरण में है, जिसमें जल, थल एवं नभ के क्षेत्र में साहसिक कार्य करने वाले व्यक्तियों को पांच लाख रूपये की धनराशि एवं प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया जाएगा। इसी तरह विवेकानन्द यूथ अवॉर्ड से पुरस्कृत युवाओं तथा मंगल दलों के ग्राम अथवा मोहल्लों को जाने वाले सम्पर्क मार्गों का नामकरण विजेता खिलाड़ियों के नाम पर करने संबंधी विवेकानन्द पथ योजना भी प्रस्तावित है। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव युवा कल्याण डिम्पल वर्मा, विशेष सचिव आनन्द कुमार सिंह आदि मौजूद थे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स