जूनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में यह पहलवान दिखाएंगे दम

सोनीपत में पहलवानों के ट्रायल के बाद हुआ भारतीय टीम का चयन
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
भारतीय खेल प्राधिकरण के सोनीपत स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में रविवार को हुए ट्रायल में जूनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के लिए भारतीय पहलवानों का चयन किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 21 अगस्त तक बुल्गारिया के सोफिया शहर में किया जाएगा। इससे पहले शनिवार को साई लखनऊ में इसी प्रतियोगिता के लिए महिला पहलवानों का चयन किया गया था।
भारतीय कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर ने बताया कि बुल्गारिया में अगले महीने होने वाली अंडर-20 जूनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के लिए शनिवार और रविवार को ट्रायल के बाद पहलवानों का चयन किया गया। शनिवार को साई लखनऊ और रविवार को साई सोनीपत में सभी 30 भार वर्गों में मुकाबलों के बाद विजेता पहलवानों के नामों की घोषणा कर दी गई। रविवार को साई सोनीपत में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह और साई की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा ने ट्रायल का शुभारंभ कराया। शाम को सभी 20 भार वर्गों में पहलवानों की घोषणा कर दी गई। इस दौरान ग्रीको रोमन के मुख्य कोच हरगोबिंद सिंह और फ्री स्टाइल के मुख्य कोच जगमिंगदर सिंह भी मौजूद रहे।
इन पहलवानों का हुआ चयन
फ्रीस्टाइल 57 किलो में दिल्ली के अभिषेक ढाका, 61 किलो में हरियाणा के मोहित, 65 किलो में दिल्ली के रवि, 70 किलो में उत्तर प्रदेश के मुलायम यादव, 74 किलो में हरियाणा के जयदीप, 79 किलो में सर्विसेज के दीपक, 86 किलो में उत्तर प्रदेश के जोंटी कुमार, 92 किलो में उत्तर प्रदेश के आकाश, 97 किलो में हरियाणा के नीरज और 135 किलो में महाराष्ट्र के महेंद्र गायकवाड़ का चयन किया गया है। ग्रीको रोमन के 55 किलो भार वर्ग में उत्तर प्रदेश के अनूप, 60 किलो में चंडीगढ़ के सुमित, 63 किलो में दिल्ली के उमेश, 67 किलो में सर्विसेज के अंकित गुलिया, 72 किलो में सर्विसेज के दीपक, 77 किलो में चंडीगढ़ के सचिन, 82 किलो में हरियाणा के रोहित दहिया, 87 किलो में उत्तर प्रदेश के सुरजीत सिंह, 97 किलो में पंजाब के नरेंद्र चीमा और 130 किलो में हरियाणा के प्रवेश विजयी हुए हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स