मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई के प्रधानाचार्य का निधन

पेट और आंत के इंफेक्शन से परेशान थे सुमन कुमार लहरी
उन्नाव के जिला क्रीड़ा प्रभारी की भी थी जिम्मेदारी
खेलपथ संवाद
सैफई।
इटावा के सैफई स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य सुमन कुमार लहरी का कानपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। श्री लहरी के निधन से समूचे उत्तर प्रदेश के खेलों से जुड़े लोग दुखी हैं। जानकारों का कहना है कि श्री लहरी इसी साल नवम्बर में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
जानकारी के मुताबिक एस.के. लहरी इटावा जनपद में पिछले करीब सात वर्षों से अधिक समय से तैनात थे। वह जिला क्रीड़ा अधिकारी के पद पर भी अपनी सेवाएं दे रहे थे। बाद में दिसम्बर 2017 में उन्हें मेजर ध्यान चंद स्पोर्ट्स कॉलेज का प्रधानाचार्य बनाया गया था। एस.के. लहरी हॉकी के राष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ-साथ एक बेहतर हॉकी के कोच के नाम से भी जाने जाते थे। उनसे प्रशिक्षित कई छात्र राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी चयनित हुए हैं। वर्तमान समय में वे सैफई के मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य के पद के साथ-साथ उन्नाव जिले के जिला क्रीड़ा अधिकारी का पद भी सम्हाले हुए थे।
श्री लहरी मूलरूप से पश्चिम बंगाल के निवासी थे और वर्तमान में कानपुर में आवास बनाकर रहते थे। पिछले करीब एक साल से पेट व आंतों में इन्फेक्शन होने के कारण बीमार चल रहे थे। कई बार आराम मिलने के बाद वह लगातार अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। बीते सोमवार को शाम को अचानक तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां आज सुबह उनकी मौत हो गई।
जानकारों का कहना है कि श्री लहरी इसी साल नवम्बर में सेवानिवृत्त होने वाले थे। श्री लहरी के निधन की खबर सुनते ही सैफई में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव, हॉकी कोच राजेश कुमार सोनकर, डॉ. जिया उर रहमान, सिद्धार्थ कृष्णा,राजीव यादव,सहित सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने शोक व्यक्त किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स