उड़ीसा ने जीता सीनियर महिला हॉकी का खिताब

कर्नाटक को दूसरा तथा झारखंड को मिला तीसरा स्थान
12वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी चैम्पियनिशप
खेलपथ संवाद
भोपाल।
उड़ीसा ने कर्नाटक को पराजित कर 12वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी चैम्पियनिशप जीत ली। भोपाल के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में हुए खिताबी मुकाबले में उसने हॉकी कर्नाटक को 2-0 से पराजित किया। पहले और दूसरे हॉफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। तीसरे हाफ में उड़ीसा के लिए पूनम बारला ने 34वें और अंतिम हाफ में अशीम कंचन बारला ने 59वें मिनट में गोल दागे। प्रतियोगिता में झारखंड को तीसरा स्थान मिला।
खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों की शुरुआत अच्छी रही और गोल करने के कई मौके बनाए। दोनों का डिफेंस भी बेहतरीन था, जिसकी वजह से हाफटाइम तक स्कोर गोलरहित बराबरी पर रहा। पूनम ने तीसरे क्वार्टर में पहला गोल कर उड़ीसा को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद अशीम ने दूसरा गोल किया। पुरस्कार वितरण विशेष अतिथि हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेद्रो निगमबोम्ब, मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन अभिलाष खांडेकर और मुख्य अतिथि डीजी लोकायुक्त राजीव टंडन ने संचालक खेल एवं युवा कल्याण रवि कुमार गुप्ता की उपस्थिति में किया। तीसरे स्थान के मुकाबले में झारखंड ने हरियाणा को 3-2 से हराया। दीप्ति टोप्पो, अलबेला रानी टोप्पो और बेटन डुंगडुंग ने झारखंड के किए गोल किए। हरियाणा की तरफ से अमनदीप कौर और भारती सरोहा ने गोल दागे।
मंगलवार को तीसरे और चौथे स्थान के लिए खेले गए मैच में झारखंड ने अपने चिरप्रतिद्वंदी हरियाणा को 3-2 गोल से मात देते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। झारखंड टीम को सात साल बाद सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेडल मिला है। इससे पहले वर्ष 2015 के सीनियर नेशनल में सिल्वर मेडल मिला था। झारखंड टीम ने सेमीफाइनल में हॉकी उड़ीसा से मिली पराजय से सबक लिया और हरियाणा के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया।
हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने कांस्य पदक विजेता टीम की सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे खिलाड़ी लगातार मेहनत कर रहे हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हॉकी झारखंड भी इन्हें आगे बढऩे की हरसंभव मदद कर रहा है। प्रतियोगिताओं से पहले कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जिसका परिणाम हमारे खिलाड़ी लगातार पदक जीत रहे हैं। 
महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने सात वर्षों के बाद पदक जीतकर हम सभी झारखंडवासियों को गौरवान्वित होने का मौका दिया है सभी को बहुत-बहुत बधाई। टीम की कोच बिगन सोय ने कहा कि प्लेयर्स ने अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष हम क्वार्टर में थे। इस वर्ष सेमीफाइनल तक आए आने वाले वर्ष हम फाइनल में आएंगे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स