सुंदरगढ़ में होगा हॉकी का सबसे बड़ा स्टेडियम

अक्टूबर तक हो जाएगा तैयार, जनवरी में होंगे विश्व कप के मैच
खेलपथ संवाद
राउरकेला।
भारतीय हॉकी को दिलीप टिर्की सरीखे दिग्गज खिलाड़ी देने वाले सुंदरगढ़ जिले में देश का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम तैयार किया जा रहा है। इसकी क्षमता 20 हजार दर्शकों की होगी। ओडिशा के आदिवासी क्षेत्र में बन रहे इस स्टेडियम का नाम बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम रखा गया है और यह अक्टूबर तक तैयार हो जाएगा। 
अगले साल जनवरी में एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के मैच इसी स्टेडियम में खेले जाएंगे। भुवनेश्वर में कलिंग स्टेडियम की क्षमता 15000 दर्शकों की है, लेकिन विश्व कप के दौरान बिरसा मुंडा स्टेडियम में टोक्यो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम का समर्थन करने के लिये 20000 दर्शक मौजूद रहेंगे। राउरकेला शहर के बाहरी क्षेत्र में स्टेडियम के निर्माण का कार्य पिछले साल जून में शुरू किया गया था। इस निर्माण की लागत 200 करोड़ रुपये है। 
ओड़िशा के खेल विभाग के सलाहकार स्वागत सिंह ने पत्रकारों से कहा, ‘यह भारत का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम होगा। हमें लग रहा है कि यह विश्व में सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम होगा, लेकिन अभी एफआईएच (अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ) से इसकी पुष्टि नहीं हुई है।’ उन्होंने बताया कि अक्तूबर में इस स्टेडियम में प्रो लीग के मैच आयोजित करने की योजना है, जो परीक्षण मैच का काम भी करेंगे। विश्व कप के बाद सरकार इस पूरे परिसर को हॉकी अकादमी के रूप में तब्दील करने पर भी विचार कर रही है। सुंदरगढ़ को भारतीय हॉकी का गढ़ माना जाता है, जिसने दिलीप टिर्की, अमित रोहिदास और बीरेंद्र लाकड़ा जैसे खिलाड़ी देश को दिये हैं। इस क्षेत्र में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में यह खेल काफी लोकप्रिय है। 
महिला हॉकी: यूपी, तमिलनाडु की बड़ी जीत 
भोपाल।
तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 12वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बृहस्पतिवार को यहां अपने-अपने पूल में बड़ी जीत दर्ज की। तमिलनाडु ने पूल एफ के मैच में अरुणाचल प्रदेश को 12-0 से हराया, जबकि पूल जी में उत्तर प्रदेश ने गुजरात को इसी अंतर से पराजित किया। हॉकी अंडमान और निकोबार ने पूल एफ में मैदान पर उतरे बिना ही मैच गंवा दिया। इससे हॉकी कर्नाटक को 5-0 से विजेता घोषित किया गया।

रिलेटेड पोस्ट्स