मुक्केबाजी में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी का जलवा

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्सः दो गोल्ड, चार सिल्वर और आठ ब्रांज मेडल जीते
खेलपथ संवाद
बेंगलूरु।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के मुक्केबाजों ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्ज में महिला वर्ग में प्रथम स्थान और पुरुष वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय को दो गोल्ड, चार सिल्वर और आठ ब्रांज मेडल जीतकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का मान-सम्मान पूरे भारत में बढ़ाने का काम किया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि विश्वविद्यालय के लिए यह गर्व की बात है कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए गोल्ड, सिल्वर व ब्रांज मेडल जीते हैं। 
दूसरे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन 23 अप्रैल से 3 मई तक जैन यूनिवर्सिटी बेंगलुरु में हो रहा है। इन खेलों का शुभारंभ उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू द्वारा किया गया था। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की तरफ से आठ महिला मुक्केबाजों और पुरुष वर्ग में दस मुक्केबाजों ने भाग लिया। कुल 18 मुक्केबाजों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया और 14 मुक्केबाज मेडल जीतने में कामयाब हुए। इसके कारण विश्वविद्यालय को महिला वर्ग में प्रथम व पुरुष वर्ग में दूसरा स्थान मिला। 
बाक्सिंग कोच राजेश कुमार ने बताया कि महिला मुक्केबाजों में 57 किलोग्राम में पूनम ने गोल्ड, सिवी 66 किलोग्राम ने सिल्वर, निकिता 52 किलोग्राम ने ब्रांज, विंका 60 किलोग्राम ने ब्रांज, लाशू 70 किलोग्राम ने ब्रांज, तमन्ना 75 किलोग्राम ने ब्रांज और मनप्रीत 81 किलोग्राम ने ब्रांज मेडल जीता है। इसके अलावा पुरुष मुक्केबाजों में संचित 57 किलोग्राम ने गोल्ड, विवेक 51 किलोग्राम ने सिल्वर, सागर 57 किलोग्राम ने सिल्वर, गौरव 92 किलोग्राम ने सिल्वर, नीरज 48 किलोग्राम ने ब्रांज, राहुल 60 किलोग्राम ने ब्रांज और सुमित 80 किलोग्राम में ब्रांज मेडल जीतकर विश्वविद्यालय को दूसरा स्थान दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

रिलेटेड पोस्ट्स