हरियाणा बना राष्ट्रीय सीनियर पुरूष हॉकी चैम्पियन

12वीं हॉकी इंडिया प्रतियोगिता में तमिलनाडु को 3-1 से किया शूट आउट
कर्नाटक की टीम को मिला तीसरा स्थान
खेलपथ संवाद
भोपाल।
हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 6 से 17 अप्रैल, 2022 तक आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सीनियर पुरूष हॉकी चैम्पियनशिप-2022 का विजेता होने का गौरव हरियाणा टीम को मिला। विजेता का फैसला शूट आउट के जरिए हुआ। शूट आउट में हरियाणा ने 3-1 से जीत दर्ज की। इस प्रतियोगिता में देश की 27 टीमों ने भागीदारी की थी। विवेक जौहरी और हॉकी इंडिया के प्रेसिडेंट ज्ञानेन्द्रो निंगोम्बाम ने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
इससे पूर्व तीसरे स्थान के लिए हॉकी महाराष्ट्र और हॉकी कर्नाटक के मध्य मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले को कर्नाटक ने 4-3 से जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि विवेक जौहरी ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा फायनल मुकाबला वास्तव में बहुत ही रोमांचक था। उन्होंने खेल और युवा कल्याण विभाग के इस सफल आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की और खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सभी 21 निर्णायकों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर हॉकी इंडिया के प्रेसिडेंट ज्ञानेन्द्रो निंगोम्बाम, संचालक खेल रवि कुमार गुप्ता, संयुक्त संचालक बी.एस यादव, ओलम्पियन जलाल उद्दीन रिज़वी, समीर दाद, नेशनल सेलेक्टर सैय्यद अली विशेष रूप से उपस्थित थे।
फायनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच के पहले क्वार्टर के चौथे मिनट में हरियाणा के खिलाड़ी दीपक ने पेनॉल्टी कार्नर से गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मैच के 10वें मिनट में तमिलनाडु के खिलाड़ी सरवन कुमार ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके पश्चात दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। प्रतियोगिता के नियमानुसार परिणाम के लिए शूट आउट का सहारा लिया गया। शूट आउट मेें हरियाणा के खिलाड़ी शोमजीत, प्रभजोत सिंह और पंकज ने एक-एक गोल किए जबकि तमिलनाडु की तरफ से धनुष एम. ने एकमात्र गोल किया। 
यहां उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु की टीम 22 वर्षों के लम्बे अंतराल के बाद फायनल में पहुंची थी। तमिलनाडु की टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। मैच को शूट आउट तक लेकर आए। हरियाणा की टीम शूट आउट में बेहतर प्रदर्शन के कारण चैम्पियन बनी। हरियाणा के गोलकीपर मयंक शर्मा की इस जीत में महत्वपूर्ण भूमिका रही। हरियाणा टीम के कोच संदीप सांगवान थे।
तीसरे स्थान के लिए महाराष्ट्र और कर्नाटक की टीमों के मध्य मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले के पहले क्वार्टर के 12वें मिनट में दोनों ही टीमों ने एक-एक फील्ड गोल किए। पहला गोल कर्नाटक के खिलाड़ी पुनीथ आर. ने किया। महाराष्ट्र की ओर से राजेन्द्र पवार ने अपनी टीम के लिए गोल किया। स्कोर स्कोर 1-1 रहा। मैच के दूसरे क्वार्टर के 23वें मिनट में कर्नाटक के खिलाड़ी यतीश कुमार बी. ने फील्ड गोल कर अपनी टीम का स्कोर 1-2 कर दिया। मैच के तीसरे क्वार्टर के 37वें मिनट में महाराष्ट्र के खिलाड़ी हरीश शिंदगी ने पेनाल्टी कार्नर से गोल कर अपनी टीम को 2-2 की बराबरी पर ला दिया। मैच के 42वें मिनट में महाराष्ट्र के खिलाड़ी प्रज्वल मोहरकर ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 3-2 की बढ़त दिलायी। मैच के चौथे क्वार्टर के 47वें मिनट में कर्नाटक के खिलाड़ी एस.पी. दीक्षित ने पेनॉल्टी स्ट्रोक से गोल कर अपनी टीम को 3-3 की बराबरी पर ला दिया। मैच के 52वें मिनट में कर्नाटक के खिलाड़ी नाचप्पा एल.आर. ने पेनॉल्टी कार्नर से गोल कर अपनी टीम को 4-3 से आगे कर दिया। इसके पश्चात दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला कर्नाटक ने 4-3 से जीतकर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।  

रिलेटेड पोस्ट्स