महिला ग्रेपलिंग प्रतियोगिता में नम्रता ने जीता स्वर्ण

अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय ग्रेपलिंग प्रतियोगिता

पूर्वांचल विश्वविद्यालय रहा उप-विजेता, रेनू यादव को कांस्य

महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों का रहा दबदबा

खेलपथ संवाद

रोहतक (हरियाणा)। अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय ग्रेपलिग (पुरुष-महिला) प्रतियोगिता में मेजबान महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। प्रतियोगिता में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी विजेता, पूर्वांचल यूनिवर्सिटी उप-विजेता तथा चौधरी बंशी लाल यूनिवर्सिटी को तीसरा स्थान मिला। प्रतियोगिता में पूर्वांचल विश्वविद्यालय महिला एवं पुरुष वर्ग में उपविजेता रहा। इस प्रतियोगिता में शिव गोविंद महाविद्यालय की होनहार छात्रा नम्रता यादव ने स्वर्ण तो रेनू यादव ने कांस्य पदक से अपना गला सजाया।

जयहिन्द एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स के प्रशिक्षक और उत्तर प्रदेश ग्रेपलिंग एसोसिएशन के सचिव मनोज कुमार यादव ने खेलपथ को बताया कि 31 मार्च से 4 अप्रैल तक महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की मेजबानी में हुई अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय ग्रेपलिंग (कुश्ती) प्रतियोगिता में जोरदार मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में शिव गोविंद महाविद्यालय की छात्रा नम्रता यादव ने 70 किलो भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता वहीं बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा रेनू यादव ने कांस्य पदक से अपना गला सजाया। इन दोनों खिलाड़ी बेटियों ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्विद्यालय टीम से प्रतिभागिता की थी।

श्री यादव का कहना है कि नम्रता यादव पिछले वर्ष अक्टूबर 2021 नई दिल्ली में हुई राष्ट्रीय ग्रेपलिंग कुश्ती प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी है। नम्रता यादव ने ग्रेपलिंग (कुश्ती) की दोनों स्पर्धाओं में दोहरा स्वर्ण पदक जीतकर समूचे जनपद और उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उत्तर प्रदेश के खेलों में नम्रता यादव ने एक नया अध्याय लिखा है। इससे पूर्व कोई लड़की ऐसा नहीं कर सकी थी। नम्रता और रेनू की इस शानदार सफलता पर जौनपुर ही नहीं उत्तर प्रदेश के खेलप्रेमियों ने भी दोनों बेटियों और उप-विजेता रहे पूर्वांचल विश्विद्यालय के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उत्तर प्रदेश ग्रेपलिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी इस सफलता पर खुशी जताई है तथा इन खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों को साधुवाद दिया है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स