इंदौर का मूक बधिर पहलवान राज वर्मा ब्राजील में दिखाएगा दम

मध्य प्रदेश सरकार से लगाई मदद की गुहार
खेलपथ संवाद
इंदौर।
मध्य प्रदेश के इंदौर के मूक बधिर पहलवान राज वर्मा 24वें ग्रीष्मकालीन डीफलिंपिक के लिए चुने गए हैं। उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं में कई स्वर्ण और रजत पदक जीते हैं। राज वर्मा के बड़े भाई ऋषभ वर्मा ने अपने अनुज को मूक खिलाड़ियों के ब्राजील ओलम्पिक में भाग लेने के लिए सरकार से मदद की गुहार लगाई है। 
राज की मां का 2016 में और पिता का 2020 में निधन हो गया। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। मैं मध्य प्रदेश सरकार से मदद का अनुरोध करता हूं। इंदौर शहर के मालवा मिल इलाके की भिंडी खाऊ बस्ती में रहने वाले राज वर्मा ब्राजील में हाेने वाले मूक बधिराें के ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। संकरी सी गली में टीनशेड के एक कमरे में रह रहे मूक-बधिर राज 24 साल के हैं। वे 55 किलो वजन वर्ग में ग्रीकाे राेमन कुश्ती में भाग लेंगे। हालांकि उनकी तैयारियों पर पैसों की कमी आड़े आ रही है पर इससे उनका उत्साह जरा भी कम नहीं हुआ है। वे ओलम्पिक में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए कई घंटे प्रैक्टिस कर रहे हैं।
मूक बधिराें का यह ओलम्पिक ब्राजील में मई में आयोजित किया जाएगा। राज की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। पहलवानी करने के लिए उन्हें पौष्टिक भोजन चाहिए पर अच्छे खानपान के लिए पर्याप्त पैसा ही नहीं है। अन्य सुविधाएं भी नाममात्र की ही हैं। उनके माता—पिता नहीं हैं और ऐसे में बड़ा भाई ऋषभ ही जिम्मेदारी उठा रहा है।
ऋषभ बिजली कम्पनी में आठ हजार रुपए महीने की नौकरी करते हैं और इसी में राज की खुराक का इंतजाम कर रहे हैं। इसी तरह राज के कोच गोमती व्यायामशाला के गुरु प्रहलाद ठाकुर भी उनकी मदद कर रहे हैं। उन्होंने राज को खुराक पूरी करने के लिए बादाम और घी दिया है। राज का छोटा भाई अमन भी बोल-सुन नहीं पाता। ये दोनों कमाई करने के लिए रोड किनारे ठेला लगाकर सब्जी और भूसा बेचते थे लेकिन निगमकर्मी उनका ठेला उठाकर ले गए।
भाई ऋषभ बताते हैं कि 12 साल की उम्र में राज ने हॉकी खेलना शुरू किया। बाद में अखाड़े जाने लगा। हरियाणा, पंजाब सहित कई राज्यों में कुश्ती में अनेक पदक जीते हैं। हम लोगों की आर्थिक हालत अच्छी नहीं है। मेरी सेलरी मात्र आठ हजार रुपए ही है जिसमें घर चलाना कठिन है पर राज की कुश्ती में कोई कोर कसर नहीं रखना चाहता। घी लाता हूं लेकिन केवल राज के लिए।

 

रिलेटेड पोस्ट्स