54 पदकों के साथ मध्य प्रदेश बना ओवर ऑल चैम्पियन

32वीं राष्ट्रीय सीनियर एवं जूनियर कैनो स्प्रिंट चैम्पियनशिप
जीते 24 स्वर्ण, 22 रजत और 8 कांस्य पदक
खेलपथ संवाद
भोपाल।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की छोटी झील में 10 से 13 मार्च तक खेली गई 32वीं राष्ट्रीय सीनियर एवं जूनियर केनो स्प्रिंट चैम्पियनशिप के अंतिम दिन 200 मीटर रेस में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक अर्जित किए। म.प्र. 24 स्वर्ण, 22 रजत और 8 कांस्य सहित 54 पदकों के साथ ओवर ऑल चैम्पियन बना। पुरस्कार वितरण मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने किया। मध्य प्रदेश की 47 सदस्यीय टीम में अकादमी के 28 खिलाड़ी शामिल थे।
चैम्पियनशिप के अंतर्गत 200 मीटर रेस में सी-2 वूमेन स्पर्धा में कावेरी ढीमर और नमिता चंदेल की जोड़ी ने स्वर्ण पदक अर्जित किया। पुरूष वर्ग की के-1 स्पर्धा में देवब्रत सिंह ने रजत तथा के-2 स्पर्धा में अक्षित बारोई और विशाल दांगी की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता। महिलाओं की सी-4 स्पर्धा में नमिता चंदेल, कावेरी ढीमर, अंजली वशिष्ठ और नीतू वर्मा की चौकड़ी ने कांस्य पदक अर्जित किया। के-2 की मिक्स स्पर्धा में शिवानी वर्मा और सोनू वर्मा की जोड़ी ने तथा सी-2 मिक्स स्पर्धा में यशु वी. और विनीता चानू की जोड़ी ने एक-एक रजत पदक अर्जित किया।

रिलेटेड पोस्ट्स