राष्ट्रीय क्षितिज पर चमकी लखनऊ की मानसी बिटिया

राष्ट्रीय बैटल स्पोर्ट्स डांस प्रतियोगिता में हासिल किया पहला स्थान
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
लखनऊ की बेटी मानसी दुबे ने अपने नायाब कौशल से समूचे देश में उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है। 25 से 28 फरवरी तक आत्मा मालिक इंजीनियरिंग कॉलेज, शाहपुर, मुंबई, महाराष्ट्र में आयोजित सातवीं राष्ट्रीय बैटल स्पोर्ट्स डांस प्रतियोगिता में मानसी ने प्रथम स्थान हासिल कर लखनऊ ही नहीं समूचे उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
सातवीं राष्ट्रीय बैटल स्पोर्ट्स डांस प्रतियोगिता में कई राज्यों के प्रतिभागियों ने शिरकत कर अपना-अपना हुनर दिखाया। उत्तर प्रदेश की टीम ने पहली बार राष्ट्रीय बैटल स्पोर्ट्स डांस में प्रतियोगिता में भाग लिया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल में पहली बार लखनऊ, उत्तर प्रदेश की मानसी दुबे ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने में सफल हुई हैं। मानसी दुबे ने बॉलीवुड कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है। 
उत्तर प्रदेश बैटल स्पोर्ट्स डांस फेडरेशन के कोषाध्यक्ष कमल जोशी ने मानसी दुबे द्वारा स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा सह कोरिओग्राफर रचित कपिल ने भी मानसी दुबे की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हे देश का भविष्य बताया। कमल जोशी ने बताया कि एशियाई बैटल स्पोर्ट्स डांस चैम्पियनशिप के लिए चयन प्रक्रिया ऑडीशन द्वारा ली जाएगी, यह प्रतियोगिता जून 2022 के प्रथम सप्ताह में काठमांडू, नेपाल में आयोजित होगी।

रिलेटेड पोस्ट्स