मध्य प्रदेश की बेटियों ने जीती सीनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता

मध्य प्रदेश की टीम ने इस प्रतियोगिता में कुल 51 गोल दागे, सिर्फ दो गोल खाए
खेलपथ संवाद
ग्वालियर।
झांसी में आयोजित 11वीं राष्‍ट्रीय सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता मध्य प्रदेश की बेटियों ने जीत ली। मध्य प्रदेश ने फाइनल में हॉकी हरियाणा को 1-0 से पराजित किया। हॉकी पंजाब की टीम तीसरे स्थान पर रही। हॉकी मध्य प्रदेश की 18 सदस्यीय टीम में मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की 15 खिलाड़ी शामिल थीं।
हॉकी इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला काफी कश्मकश भरा रहा। हॉकी मध्य प्रदेश और हॉकी हरियाणा ने मैच के पहले ही मिनट से ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। मैच के नौवें मिनट में मध्य प्रदेश हॉकी टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर कंचन निधि केरकेट्टा ने गेंद को गोल पोस्ट में डालते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद हरियाणा की टीम ने जवाबी हमले किए लेकिन मध्य प्रदेश की गोलकीपर नंदिनी कुशवाह ने शानदार बचाव करते हुए टीम के खिलाफ कोई गोल नहीं होने दिया। इस 1-0 के निर्णायक स्कोर के साथ ही हॉकी मध्य प्रदेश की टीम ने राष्ट्रीय सीनियर महिला चैम्पियन होने का गौरव हासिल कर लिया। हॉकी पंजाब ने हॉकी महाराष्ट्र को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने मध्‍य टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में हमारी अकादमी की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। टीम फाइनल में पहुंची और खिताब पर कब्जा जमाया। यह इन खिलाड़ियों के अथक परिश्रम का परिणाम है। मध्यप्रदेश की दोनों हॉकी अकादमी परिणाम दे रही हैं। मध्य प्रदेश सरकार हमेशा से खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में आगे रही है। हम अपने खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस चैम्पियनशिप में हॉकी मध्य प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश की टीम ने इस प्रतियोगिता में कुल 51 गोल दागे। हॉकी मध्य प्रदेश ने सबसे बड़ी जीत गुजरात के खिलाफ 28-0 से दर्ज की। हॉकी मध्य प्रदेश के खिलाफ पूरी चैम्पियनशिप में मात्र दो ही गोल हुए। मध्य प्रदेश की उपासना सिंह ने लीग मुकाबले में हॉकी बंगाल के खिलाफ हैट्रिक भी जमाई थी।
ऐसा रहा मध्‍य प्रदेश की जीत का सफर
सेमीफाइनल में हाकी महाराष्ट्र 2-1 से हराया, क्वार्टर फाइनल में हॉकी झारखंड 5-1 से हराया, लीग में हॉकी बंगाल 15-0 से हराया, लीग में हॉकी गुजरात 28-0 से हराया।

रिलेटेड पोस्ट्स