राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में ओलम्पिक-पैरालम्पिक पदकवीरों का जलवा

नीरज चोपड़ा-रवि दहिया सहित 11 खिलाड़ियों को मिलेगा खेल रत्न

उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक राम प्रकाश सिंह इस बार भी सम्मान पाने से चूके

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारतीय पुरस्कार चयन समिति की अनुशंसा के बाद भारतीय खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस बार नीरज चोपड़ा-रवि दहिया सहित 11 खिलाड़ियों को ध्यानचंद खेल रत्न मिलेगा वहीं कई वर्षों से राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए नामांकन कर रहे उत्तर प्रदेश के पूर्व हॉकी खिलाड़ी व निदेशक खेल राम प्रकाश सिंह को इस बार भी निराशा हाथ लगी है। राम प्रकाश सिंह ने इस बार लाइफ टाइम ध्यानचंद अवॉर्ड के लिए नामांकन किया था और हॉकी इंडिया ने प्रयास भी किए लेकिन सफलता नहीं मिली।

टोक्यो ओलम्पिक में भाला फेंक का स्वर्ण पदक जीतने वाले एथलीट नीरज चोपड़ा को इस साल के मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। नीरज के अलावा टोक्यो ओलम्पिक और पैरालम्पिक में जलवा बिखेरने वाले कुछ अन्य खिलाड़ियों, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज और फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री को भी देश के सर्वोच्च खेल सम्मान के लिए चुना गया है।

यह पहली बार है जब एक साथ 11 खिलाड़ियों को खेल रत्न से सम्मानित किया जाएगा। खेल रत्न पाने वालों में नीरज चोपड़ा, मिताली राज, सुनील छेत्री के अलावा पहलवान रवि दहिया, बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन, हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश, बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत, भाला फेंक एथलीट सुमित अंतिल, निशानेबाज अवनि लेखरा, बैडमिंटन खिलाड़ी कृष्णा नागर और निशानेबाज एम. नारवाल शामिल हैं। क्रिकेटर शिखर धवन समेत 35 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।

ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों के कारण इस साल खेल पुरस्कारों के ऐलान को टाल दिया गया था, जिसके कारण इस बार पुरस्कारों में देरी हुई है। यह पहला मौका है, जब एक साथ इतने सारे एथलीटों को खेल रत्न के लिए चुना गया है। पिछले साल 5 खिलाड़ियों को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में ओलम्पिक और पैरालम्पिक पदकवीरों का जलवा रहा है। खेलरत्न पुरस्कारों में नीरज समेत टोक्यो ओलम्पिक में देश का नाम रोशन करने वाले चार पदक विजेताओं को शामिल किया गया है, जबकि टोक्यो पैरालम्पिक के कई विजेताओं में से पांच खिलाड़ियों को इस बार सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए तैयार की गई कमेटी ने 11 खेल रत्न के अलावा 35 अर्जुन पुरस्कारों का भी ऐलान किया।

नीरज चोपड़ा की उपलब्धि का सम्मान

नीरज चोपड़ा ने 7 अगस्त, 2021 को टोक्यो ओलम्पिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पुरुषों के जैवलिन थ्रो का स्वर्ण पदक जीता था। फाइनल में 87.58 मीटर के थ्रो के साथ उन्होंने एथलेटिक्स में भारत के लिए ओलम्पिक इतिहास का पहला स्वर्ण पदक जीता, इतना ही नहीं, वह ओलम्पिक खेलों में व्यक्तिगत स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय खिलाड़ी भी बने। इसके बाद से ही उनका खेल रत्न के लिए नाम लगभग तय माना जा रहा था। एशियन और कॉमनवेल्थ खेलों में भी नीरज के नाम स्वर्ण पदक हैं।

रवि-लवलीना का ऐतिहासिक प्रदर्शन

वहीं पहली बार ओलम्पिक में हिस्सा ले रहे पहलवान रवि कुमार दहिया को भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए इस सम्मान के लिए चुना गया है। रवि ने ओलम्पिक में पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती के 57 किलो भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीता था। वह 2012 में सुशील कुमार के बाद ओलम्पिक का सिल्वर जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय पहलवान बने वहीं मैरीकॉम के बाद ओलम्पिक मेडल जीतने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय महिला बॉक्सर बनने वाली लवलीना बोरगोहेन को भी उनके प्रदर्शन का ईनाम मिला। लवलीना ने टोक्यो में कांस्य पदक जीता था।

ओलम्पिक-पैरालम्पिक के इन सितारों को मिलेगा सम्मान

इनके अलावा 40 साल बाद भारत को हॉकी में ओलम्पिक मेडल जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है। टोक्यो में ही हुए पैरालम्पिक खेलों में निशानेबाजी का स्वर्ण जीतने वाली 19 साल की शूटर अवनि लेखरा भी खेल रत्न से नवाजी जाएंगी। पैरालम्पिक में ही शानदार प्रदर्शन करने वाले 4 अन्य एथलीटों को भी खेल रत्न से सम्मानित किया जाएगा। इनमें जैवलिन का गोल्ड जीतने वाले सुमित अंतिल भी हैं। कृष्णा नागर और प्रमोद भगत ने अपनी-अपनी कैटेगरी में पुरुषों के बैडमिंटन का स्वर्ण पदक जीता था। इनके अलावा 20 साल के मनीष नारवाल ने भी पिस्टल शूटिंग में गोल्ड जीता था।

मिताली राज को सफल और लम्बे करियर के लिए सम्मान

इन विजेताओं के अलावा दो ऐसे खिलाड़ियों को भी चुना गया है, जो पिछले कई सालों से अपने-अपने खेल में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। दो दशक से भी ज्यादा समय से भारत में महिला क्रिकेट का सबसे बड़ा और सबसे मशहूर चेहरा बनी हुईं दिग्गज बल्लेबाज कप्तान मिताली राज को उनके योगदान के लिए इस सम्मान के लिए चुना गया है। मिताली राज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार से ज्यादा रन बनाने वाली इकलौती महिला क्रिकेटर हैं।

खेल रत्न पाने वाले पहले फुटबॉलर बने छेत्री

वहीं दूसरी ओर भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के दिग्गज कप्तान सुनील छेत्री खेल रत्न सम्मान पाने वाले देश के पहले फुटबॉलर बन गए हैं। पिछले एक दशक से अपने दम पर भारतीय फुटबॉल को ऊंचाईयों पर ले जाने में जुटे छेत्री देश के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल दागने वाले खिलाड़ी हैं। 125 मैचों में 80 गोल दागकर छेत्री अर्जेंटीना के दिग्गज कप्तान लियोन मेसी के साथ सबसे ज्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं।

डोपिंग के दोषी पैरा एथलीट शरद कुमार को अर्जुन अवॉर्ड

पैरालम्पिक की ऊंची कूद में कांस्य पदक जीतने वाले एथलीट शरद कुमार को अर्जुन पुरस्कार दिए जाने के फैसले पर उंगली उठ सकती है क्योंकि उन पर 2012 में डोपिंग के मामले में दो साल का प्रतिबंध लग चुका है। जस्टिस मुकुंदकम शर्मा की अगुआई वाली कमेटी को यह मालूम था कि शरद डोप में फंस चुके हैं। नाडा ने उनके सामने रिपोर्ट भी रखी थी लेकिन कमेटी ने उनके नाम की सिफारिश अर्जुन अवॉर्ड के लिए कर दी।

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों की सूची

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न: नीरज चोपड़ा एथलेटिक्स, रवि दहिया कुश्ती, पीआर श्रीजेश हॉकी, लवलीना बोरगोहेन मुक्केबाजी, सुनील छेत्री फुटबॉल, मिताली राज क्रिकेट, प्रमोद भगत बैडमिंटन, सुमित अंतिल एथलेटिक्स, अवनि लेखरा निशानेबाज, कृष्णा नगर बैडमिंटन, मनीष नरवाल निशानेबाज।

अर्जुन अवॉर्ड: शिखर धवन क्रिकेट, अरपिंदर सिंह एथलेटिक्स, सिमरनजीत कौर मुक्केबाजी, भवानी देवी तलवारबाजी, मोनिका हॉकी, वंदना कटारिया हॉकी, अभिषेक वर्मा निशानेबाज, संदीप नरवाल कबड्डी, अंकिता रैना टेनिस, दीपक पूनिया कुश्ती, भाविना पटेल टेबल टेनिस, योगेश कथुनिया डिस्कस थ्रो, निषाद कुमार ऊंची कूद, प्रवीण कुमार ऊंची कूद, शरद कुमार ऊंची कूद, सुहास एलवाई पैरा बैडमिंटन, सिंहराज अधाना निशानेबाज, हरविंदर सिंह तीरंदाजी।

इन्हें मिलेगा द्रोणाचार्य अवॉर्ड

पैरा शूटिंग प्रशिक्षक- जे.पी. नौटियाल, पैरा एथलेटिक प्रशिक्षक- महावीर प्रसाद सैनी, महिला हॉकी प्रशिक्षक- प्रीतम रानी सिवाच, एथलेटिक टीम के मुख्य प्रशिक्षक- राधाकृष्णन नायर, हॉकी प्रशिक्षक संदीप सांगवान, मुक्केबाजी प्रशिक्षक- संध्या गुरूंग, कुश्ती प्रशिक्षक- सुजीत मान, टेबल टेनिस प्रशिक्षक- एस. रामन।

द्रोणाचार्य लाइफ टाइम के लिएः अशान कुमार कबड्डी, भास्कर चंद भट्ट मुक्केबाजी, सी.आर. कुमार व सरपाल सिंह हॉकी, जगरूप राठी कुश्ती, एस. मुरलीधरन बैडमिंटन, सरकार तलवार क्रिकेट, तपन कुमार तैराकी, टी.पी. जोसफ एथलेटिक्स।

इन्हें मिलेगा ध्यानचंद लाइफ टाइम अवॉर्डः

ओ.पी. जैशा एथलेटिक्स, दिव्या सिंह बास्केटबॉल, के.सी. लेखा मुक्केबाजी, अभिजीत कुंटे शतरंज, दविन्दर सिंह गरचा हॉकी, विकास कुमार कबड्डी, नीर बहादुर गुरुंग पैरा एथलेटिक्स, पी.एस. अब्दुल रसक वॉलीबाल, सज्जन सिंह कुश्ती।

रिलेटेड पोस्ट्स