लम्बे इंतजार के बाद मिला गोवर्धन को वीजा

भारत से सिर्फ एक खिलाड़ी होगा लंदन मैराथन में शामिल
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
लंदन मैराथन में भारत के सिर्फ एक खिलाड़ी शामिल होगा। इस धावक का नाम गोवर्धन मीणा है। तीन अक्टूबर को होने वाले मुकाबले में गोवर्धन मेडल के लिए जोर लगाएंगे। हालांकि, उन्हें वीजा मिलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर चले कैंपेन के बाद लंदन दूतावास ने गोवर्धन को वीजा जारी कर दिया।
दरअसल गोवर्धन ने 11 सितम्बर को वीजा के लिए अप्लाई किया था, लेकिन मैराथन से चार दिन पहले तक भी उन्हें वीजा जारी नहीं हुआ। इसको लेकर सोशल मीडिया पर गोवर्धन के समर्थन में कैंपेन चलाया गया। इसमें राजनेताओं से लेकर आम आदमी तक सभी उन्हें वीजा देने की मांग कर रहे थे।
गोवर्धन ने बताया कि ब्रिटिश दूतावास ने उन्हें अब छह महीने की जगह एक साल का वीजा जारी किया है। ऐसे में अब वह पूरी मेहनत के साथ मैराथन में शामिल होंगे, ताकि भारत का नाम दुनिया भर में रोशन हो। 44 साल के गोवर्धन मूल रूप से जयपुर के जमवारामगढ़ के रहने वाले हैं। गोवर्धन इससे पहले जयपुर मैराथन के साथ बड़ौदा मैराथन समेत कई प्रतियोगिताएं जीत चुके हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स