एकता दिवस हॉकी प्रतियोगिता में खुर्शीद कॉलेज और सनवे ने मारी बाजी
बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले पेनाल्टी शूटआउट से हुए निर्णीत
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंतीः 13 टीमों के 142 खिलाड़ियों का दमखम
खेलपथ संवाद
रामपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का समापन एक नवंबर को शहीद-ए-आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सनवे और बालिका वर्ग में खुर्शीद कन्या इंटर कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की छह और बालक वर्ग की सात टीमों सहित कुल 13 टीमों ने प्रतिभाग किया। दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और निर्धारित समय तक बराबरी पर रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट से विजेता टीमों का फैसला हुआ। बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला सनवे और सिम्स की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए दो-दो गोल किए। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट में सनवे ने सिम्स को 3-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला खुर्शीद कन्या इंटर कॉलेज और कन्या इंटर कॉलेज खारी कुआं के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने कड़े संघर्ष के बीच दो-दो गोल किए। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में खुर्शीद कन्या इंटर कॉलेज ने खारी कुआं की टीम को 3-2 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा किया गया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री श्रीमती पूजा शर्मा रहीं। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल समाज को जोड़ने और एकता का संदेश देने का सशक्त माध्यम हैं। रामपुर में आयोजित यह प्रतियोगिता खेल के माध्यम से एकता का संदेश देने का सराहनीय उदाहरण है।
मुख्य अतिथि पूजा शर्मा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ द्वारा हॉकी प्रतियोगिता आयोजित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना, आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं। आयोजक फरहत अली खान ने बताया कि प्रतियोगिता में लगभग 142 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा उपाध्यक्ष विवेक रहेला, हॉकी संघ के सचिव मुख्तार खान, खेलो इंडिया कोच सौरभ कुमार, योगा स्पोर्ट्स के अध्यक्ष डॉ. अनूप सिंह, क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष मनोज कुमार, मारिया, फरहत, जीनत परवीन, अय्यूब खान, अजहर अहमद, राहुल, खेमपाल, बाबू राज सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे। राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने यह संदेश दिया कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का प्रभावी मंच भी हैं।
