ब्रजभूषण शरण सिंह से मिलीं विश्व चैम्पियन मनीषा भानवाला
भारतीय कुश्ती की ऐतिहासिक उपलब्धि पर जताई खुशी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय पहलवान मनीषा भानवाला ने भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह से मुलाकात की। दो नवम्बर को मनीषा दिल्ली स्थित उनके आवास पर पहुंचीं। इस मुलाकात में विश्व विजेता मनीषा की ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर खुशी जाहिर की गई।
मनीषा ने 30 अक्टूबर को कजाकिस्तान के अस्ताना में आयोजित सीनियर विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के 59 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में अमेरिका की एबिगेल एलिजाबेथ नेट को 8-6 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। इस जीत के साथ वह सीनियर विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान बन गईं। भारतीय महिला कुश्ती के इतिहास में यह एक ऐसी उपलब्धि है, जिसका लम्बे समय से इंतजार था।
मनीषा की यह जीत इसलिए भी यादगार रही क्योंकि फाइनल मुकाबले में वह एक समय 0-6 से पिछड़ रही थीं। इसके बाद उन्होंने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार अंक जुटाए और मुकाबले का परिणाम 8-6 से अपने पक्ष में कर लिया। उनके आत्मविश्वास, संघर्ष और आखिरी क्षण तक हार न मानने के जज्बे ने उन्हें विश्व चैंपियन बना दिया।
हरियाणा के जींद जिले के सिवाहा गांव की रहने वाली मनीषा की इस उपलब्धि से देशभर के खेल प्रेमियों में खुशी है। विश्व चैम्पियन बनने के बाद उन्हें लगातार बधाइयां और सम्मान मिल रहे हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और खेल मंत्री गौरव गौतम ने भी उन्हें सम्मानित किया है। मनीषा की सफलता भारतीय महिला कुश्ती के लिए नया अध्याय है। उनकी उपलब्धि ने देश की उन तमाम युवा पहलवानों को प्रेरणा दी है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का तिरंगा ऊंचा उठाने का सपना देख रही हैं।
