एशियाई हॉकी में भारत का अजेय अभियान, कोरिया को 8-0 से रौंदा

आक्रामक हॉकी, मजबूत रक्षापंक्ति और गोलों की बारिश

खेलपथ संवाद

जालंधर। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपने शानदार प्रदर्शन से एशियाई हॉकी जगत को फिर अपनी ताकत का अहसास कराया है। दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत प्रतिद्वंद्वी टीम को 8-0 से करारी शिकस्त देना महज एक जीत नहीं, बल्कि भारतीय हॉकी के बढ़ते आत्मविश्वास, आक्रामक रणनीति और सामूहिक क्षमता का प्रमाण है।

भारत ने इस प्रतियोगिता में अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश को 13-0 से हराकर की थी। इसके बाद चीन को 5-2, जापान को 4-1 और मलेशिया को 4-2 से पराजित किया। अब दक्षिण कोरिया पर 8-0 की एकतरफा जीत ने भारतीय टीम के दबदबे को और मजबूत कर दिया है। इस तरह भारत ने लीग चरण में अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर अजेय अभियान पूरा किया।

भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत उसका सामूहिक प्रदर्शन नजर आ रहा है। फॉरवर्ड खिलाड़ियों की तेजी, मिडफील्ड का बेहतरीन तालमेल और रक्षापंक्ति की मुस्तैदी ने विरोधियों के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में टीम ने आक्रमण और बचाव के बीच शानदार संतुलन बनाया है।

दक्षिण कोरिया के खिलाफ आठ गोल दागना भारतीय आक्रमण की धार का परिचायक है, वहीं विपक्षी टीम को एक भी गोल नहीं करने देना बताता है कि भारतीय रक्षापंक्ति भी पूरी तरह मुस्तैद है। अब भारतीय टीम की निगाहें खिताब पर हैं। लीग चरण में अजेय रहना निश्चित रूप से बड़ी उपलब्धि है, लेकिन असली परीक्षा सेमीफाइनल और फाइनल में होगी। भारतीय खिलाड़ियों को इसी लय, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना होगा।

भारतीय हॉकी को अब केवल एशिया में अपना दबदबा कायम रखने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उसे विश्व हॉकी में भी लगातार ऐसी ही श्रेष्ठता दिखानी होगी। भारत की यह जीत एक संदेश है कि जब प्रतिभा को सही रणनीति, अनुशासन और सामूहिक प्रयास का साथ मिलता है तो मैदान पर परिणाम भी उसी अनुपात में दिखाई देते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स