ओलम्पिक खिलाड़ियों की तरह ही पैरा एथलीट्स से भी मिलेंगे पीएम मोदी

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दी जानकारी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो में आयोजित पैरालम्पिक खेलों का समापन हो गया है। 12 दिन के इस टूर्नामेंट में दुनिया भर से 4000 से अधिक पैरा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। भारत की तरफ से इस बार रिकॉर्ड 54 एथलीट्स ने इन खेलों में हिस्सा लिया था। भारत के लिए इस बार के पैरा खेल बेहद यादगार साबित हुए। भारतीय खिलाड़ियों ने इस बार पदकों की संख्या में न सिर्फ बढ़ोत्तरी की बल्कि कई रिकॉर्ड भी बनाए। आखिरी दिन भारत ने एक स्वर्ण पदक समेत दो मेडल्स जीते। इसके साथ ही भारत के पदकों की संख्या भी 19 पहुंच गई। 
भारत के ऐतिहासिक और यादगार प्रदर्शन की हर तरफ तारीफ़ हो रही है। प्रधानमंत्री से राष्ट्रपति तक, हर कोई खिलाड़ियों की प्रशंसा कर रहा है। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी इस मौके पर सभी की सराहना की। ठाकुर ने ट्वीट करते हुए लिखा, सभी मेडलिस्ट को हार्दिक बधाई। मैं 2016 की मेडल्स टैली देख रहा था। उस समय भारत से सिर्फ 19 खिलाड़ियों ने पैरालम्पिक में हिस्सा लिया था। लेकिन आज हमने पैरालम्पिक में 19 पदक जीते हैं। हमारी पदकों की संख्या पांच गुना बढ़ी है।'ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओलम्पिक खिलाड़ियों की तरह ही पैरालम्पिक खिलाड़ियों की मेजबानी भी करेंगे और उनसे मुलाकात कर उन्हें सम्मानित करेंगे। 

रिलेटेड पोस्ट्स