घुटने की चोट से उबरीं दीपा

विश्व चैम्पियनशिप के ट्रायल में करेंगी शिरकत
नई दिल्ली।
रियो ओलम्पिक में पदक के मुहाने पर पहुंचकर चूकने के बावजूद इतिहास रचने वाली जिम्नास्ट दीपा कर्माकर घुटने की चोट को मात देकर तीन साल बाद वापसी करने जा रही हैं। 2018 के जकार्ता एशियाई खेलों में आपरेशन के बाद उभर आई घुटने की चोट ने दीपा को पेशेवर जिम्नास्टिक से दूर कर दिया था। वह टोक्यो ओलंपिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में भी नहीं उतरीं, लेकिन 28 साल की उम्र में दीपा एक बार फिर अपने को साबित करने के लिए बेकरार हैं। 
दीपा ने 14, 15 सितम्बर को दिल्ली में होने वाले विश्व चैम्पियनशिप के ट्रायल में उतरने का फैसला लिया है। वह इस चैम्पियनशिप के लिए अपने कोच विश्वेशर नंदी के संरक्षण में अगरतला में तैयारियों में जुटी हैं।
ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य जीतकर दुनिया की नजरों में आने वाली दीपा के मुताबिक एशियाई खेलों में चोट उभरने के बाद वह इसे पूरी तरह ठीक करने में लग गईं। यह कठिन समय था, लेकिन उनके कोच नंदी ने उन्हें हिम्मत नहीं हारने दी। उन्होंने हौसला नहीं छोड़ा। उन्होंने अपने कोच के साथ वापसी के लिए कमर कस ली। अब वह पूरी तरह फिट हैं। यही कारण है कि उन्होंने विश्व चैम्पियनशिप के जरिए भारतीय टीम में वापसी का लक्ष्य रखा है। वह ट्रायल में उतरेंगी और टीम में चयनित होने का प्रयास करेंगी। दीपा खुलासा करती हैं कि भले ही वह टोक्यो ओलम्पिक के क्वालीफाइंग टूर्नामेंट नहीं उतरीं हों, लेकिन इस दौरान उन्होंने अगरतला अकादमी में लगातार अभ्यास जारी रखा है। यहां तक लॉकडाउन के दौरान भी उन्होंने अभ्यास नहीं छोड़ा। 
प्रयागराज के आशीष भी उतरेंगे ट्रायल में
जिम्नास्टिक फेडरशन ऑफ इंडिया 18 अक्टूबर से जापान में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिए तीन पुरुष, तीन महिला जिम्नास्टों की टीम भेजेगा। टीम के चयन को दिल्ली में ओपन ट्रायल होगा। जिसमें दीपा के अलावा एशियाई, राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता जिम्नास्ट प्रयागराज के आशीष कुमार, राकेश पात्रा, टोक्यो ओलम्पिक में खेलने वाली परणीति नायक, अरुणा रेड्डी के अलावा कई जिम्नास्ट भाग लेंगे। जीएफआई के महासचिव जी. शांतिकुमार साफ कहते हैं कि चैम्पियनशिप के लिए जिम्नास्टों का आठ सितम्बर से दिल्ली में राष्ट्रीय शिविर लगाया जा रहा है।

रिलेटेड पोस्ट्स