कुश्ती महासंघ ने विनेश फोगाट को किया निलम्बित

टोक्यो ओलम्पिक में अनुशासनहीनता की मामला
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने टोक्यो ओलम्पिक खेलों के दौरान अनुशासनहीनता के आरोप में स्टार पहलवान विनेश फोगाट को ‘अस्थायी रूप से निलम्बित' कर दिया है और साथ ही दुर्व्यवहार के लिए युवा सोनम मलिक को नोटिस जारी किया है। महासंघ ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार टोक्यो में क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हुई विनेश को नोटिस का जवाब देने के लिए 16 अगस्त तक का समय दिया गया है। नोटिस में अनुशासनहीनता के तीन आरोप लगाए गए हैं। दरअसल कोच वोलेर एकोस के साथ हंगरी में ट्रेनिंग कर रही विनेश वहां से सीधे टोक्यो पहुंची थीं। आरोप है कि उसने खेल गांव में रहने और भारतीय टीम के अन्य सदस्यों के साथ ट्रेनिंग करने से इनकार कर दिया था। साथ ही उन्होंने भारतीय दल के आधिकारिक प्रायोजक शिव नरेश की पोशाक पहनने से इनकार करते हुए अपने मुकाबलों के दौरान नाइकी की पोशाक पहनी थी।' 
टोक्यो में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि विनेश को जब उनकी साथियों सोनम, अंशु मलिक और सीमा बिस्ला के करीब कमरा आवंटित किया गया तो उन्होंने हंगामा कर दिया और कहा कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो सकती हैं, क्योंकि ये पहलवान भारत से टोक्यो आई हैं। अधिकारी ने कहा, ‘उसने किसी भारतीय पहलवान के साथ ट्रेनिंग नहीं की। एक दिन उसकी ट्रेनिंग का समय भारतीय लड़कियों के समय से टकरा रहा था और उसने एक ही जगह ट्रेनिंग नहीं करने का फैसला किया।’ 
सोनम ने साई को दिया था आदेश
19 साल की सोनम को दुर्व्यवहार के लिए नोटिस जारी किया गया है। अधिकारी ने कहा, ‘इन बच्चों को लगता है कि वे स्टार पहलवान बन गए हैं और कुछ भी कर सकते हैं। टोक्यो रवाना होने से पहले सोनम या उनके परिवार को डब्ल्यूएफआई कार्यालय से पासपोर्ट लेना था। लेकिन उसने साई अधिकारियों को उसके लिए पासपोर्ट लाने का आदेश दिया। यह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कुछ भी हासिल नहीं किया है और वे जो कर रहे हैं वे स्वीकार्य नहीं है।’

रिलेटेड पोस्ट्स