गोल्फर अदिति पदक की दौड़ में बरकरार

टोक्यो। भारतीय महिला गोल्फर अदिति अशोक बृहस्पतिवार को यहां दूसरे दौर में पांच अंडर 66 के शानदार स्कोर के साथ टोक्यो खेलों की महिला गोल्फ स्पर्धा में ऐतिहासिक ओलम्पिक पदक की दौड़ में बनी हुई हैं।
23 साल की भारतीय खिलाड़ी ने कासुमिगासेकी कंट्री क्लब में दूसरे दौर में पांच बर्डी की और नौ अंडर 133 के कुल स्कोर से डेनमार्क की नेना कोर्स्ट्ज मैडसन (64) और एमिली क्रिस्टीन पेडरसन (63) के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर चल रही हैं। अदिति अपने दूसरे ओलम्पिक में हिस्सा ले रही हैं और उनकी मां महेश्वरी उनके कैडी की भूमिका निभा रही हैं। वह शीर्ष पर चल रही दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी अमेरिका की नेली कोर्डा से चार शॉट पीछे हैं। 
टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही एक अन्य भारतीय दीक्षा डागर दूसरे दौर में एक ओवर 72 के स्कोर से कुल छह ओवर 148 के स्कोर के साथ संयुक्त 53वें स्थान पर चल रही हैं। सप्ताहांत आंधी और तूफान की भविष्यवाणी के कारण टूर्नामेंट को 54 होल का किया जा सकता है और ऐसे में अदिति को पता है कि पदक सुनिश्चित करने के लिए उन्हें अच्छा प्रदर्शन जारी रखना होगा। उन्होंने कहा, ‘इस पूरे हफ्ते इतनी सारी लड़कियों ने बर्डी की, विशेषकर इसलिए क्योंकि मौसम गर्म था और हालात अनुकूल थे।'

रिलेटेड पोस्ट्स