टोक्यो ओलम्पिक से पहले चिराग-सात्विक को कोचिंग देंगे ओलम्पिक पदक विजेता बो
नई दिल्ली। टोक्यो ओलम्पिक खेलों से पहले डेनमार्क के ओलम्पिक रजत पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी मैथियास बो टोक्यो विश्व में दसवें नंबर की भारतीय जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी को कोचिंग देंगे। दरअसल, बो की सेवाएं लेने का फैसला भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के मिशन ओलंपिक विभाग ने लक्ष्य ओलंपिक पोडियम कार्यक्रम (टॉप्स) के तहत शुक्रवार को किया।
लंदन ओलम्पिक 2012 के रजत पदक विजेता बो को चिराग और सात्विक के आग्रह पर कोचिंग का काम सौंपा गया है। सात्विक और चिराग टोक्यो ओलम्पिक में जगह बनाने की दौड़ में अभी नौवें स्थान पर हैं। ओलम्पिक में केवल 16 जोड़ियां भाग लेती हैं। अपने कार्यकाल के दौरान बो टॉप्स के अंतर्गत आने वाली अन्य युगल टीमों- सात्विक और अश्विनी पोनप्पा की मिश्रित युगल जोड़ी तथा अश्विनी और सिक्की रेड्डी की महिला युगल जोड़ी की भी मदद करेंगे।