पहले सैनिटाइजेशन हुए पहलवान, फिर मैट पर उतरे

सीनियर स्टेट रेसलिंग चैम्पियनशिप
चण्डीगढ़।
लॉकडाउन के बाद चंडीगढ़ में पहली बार हुए रेसलिंग मुकाबले कुछ अलग थे। कोरोना के चलते नियमों का पालन करते हुए मुकाबले से पहले मैट के साथ ही 70 पहलवानों को भी सैनिटाइज किया गया। पहलवानों का कहना था कि सोचा भी नहीं था कि एक दिन ऐसा भी आएगा, जब इतने कड़े नियम हो जाएंगे।
चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में सीनियर स्टेट रेसलिंग चैंपियनशिप का सुबह 10 बजे आगाज हुआ। दोपहर तीन बजे तक मुकाबले हुए। 3 से 5 जनवरी तक कुश्ती के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इसका आयोजन चंडीगढ़ रेसलिंग एसोसिएशन करवा रही है। चैंपियनशिप का उद्घाटन यूटी खेल विभाग के डायरेक्टर तेजदीप सिंह सैनी ने किया। उन्होंने मौके पर कोविड-19 के चलते सुरक्षा पहलुओं की भी खुद जांच की।
सैनिटाइज से बनी रहेगी सुरक्षा
पहलवानों को सैनिटाइज किया जाना पहली बार देखा। कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए यह किया जा रहा है। यह अच्छी बात है, ऐसा करने से कम से कम पहलवानों के बीच सुरक्षा तो बनी रहेगी। -बॉबी, राष्ट्रीय स्तर के पहलवान
बिना अभ्यास के काफी मुश्किलें हुईं
कोविड-19 के चलते पिछला पूरा साल बिना खेल व अभ्यास के निकल गया। घर पर ही थोड़ी-बहुत कसरत की, लेकिन उससे केंद्र में अभ्यास करने वाली बात नहीं बन पाई। -विकास बेनीवाल, राष्ट्रीय स्तर के मेडलिस्ट पहलवान 
नई सोच लेकर आया हूं
पिछले साल कई महत्वपूर्ण चैंपियनशिप होनी थी। वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम चुनी जानी थी। सब कोविड-19 की भेंट चढ़ गया। अब मैं नई सोच के साथ हिस्सा ले रहा हूं। -आशीष, राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता पहलवान
हिदायतों के पालन के साथ खेल गतिविधियां शुरू
कोविड-19 के चलते 10 मार्च को शहर में पूरी खेल गतिविधियां और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स को बंद कर दिया गया था। कुछ महीनों के बाद भारत सरकार की ओर से मिली हिदायतों के साथ स्पोर्ट्स कांप्लेक्स को अभ्यास के लिए खोला गया था। अब कोरोना का असर थोड़ा कम होने पर हिदायतों का पालन करके चैंपियनशिप करवाई जा रही है। -तेजदीप सिंह सैनी, डायरेक्टर यूटी खेल विभाग 

यह रहा परिणाम
भार वर्ग            विजेता    उपविजेता
125 किलो         आशीष      परवीन
97 किलो            अक्षत        नितेश
92 किलो            अक्षत        परवीन
86 किलो           विकास       जतिन
79 किलो          मेहर सिंह     मंजीत
74 किलो             प्रीत         आशीष
70 किलो            राहुल        विकास
65 किलो           नवीन         विकास
61 किलो           मंजीत        शिवम

रिलेटेड पोस्ट्स