बच्चों में शारीरिक-मानसिक विकास के लिए खेल जरूरी

खेलों से होता सामाजिक कौशल का विकास 
मनीषा शुक्ला
कानपुर।
बच्चों को खेलना सबसे ज्यादा पसंद होता है। खेल-खेल में बच्चे जिन्दगी जीना सीख जाते हैं। इसलिए उन्हें रोकें नहीं बल्कि खेलने दें। अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चे का विकास स्वस्थ तरीके से हो तो उसके लिए बच्चों का खेल खेलना बहुत ही जरूरी है। अगर आपके बच्चे किसी तरह का खेल नहीं खेलेंगे तो बच्चो के शरीर का विकास अच्छी तरह से नहीं होगा न ही वह एक्टिव रहेंगे। 
खेलों के कई लाभ हैं। खेलों में दिलचस्पी लेने वाले बच्चों को मोटापा भी नहीं आता। अभिभावक होने के नाते आपको यह जानना आवश्यक है कि बच्चों के जीवन में खेल के क्या फायदे हैं। अगर आप बच्चों को खेलने से रोक रहे हैं तो वास्तव में आप उनका बचपन उनसे छीन रहे हैं। आजकल देखा गया है कि बहुत से स्कूलों में तो बच्चों के लिए खेलने के मैदान ही नहीं होते। ऐसे में आपको चाहिए कि अपने बच्चे को स्कूल के बाद खेलने के लिए भेजें। इस तरह से आप अधिक अच्छे अभिभावक बन सकते हैं।
जब आपका बच्चा खेलों में भाग लेता है तो उनमें सामाजिक कौशल का बहुत अच्छा विकास होता है। खेलों के दौरान आपका बच्चा अन्य बच्चों से मिलता है और उनसे बातचीत करता है। यह उसके सामाजिक कौशल के विकास में सहायक होता है। खेलों से आपका बच्चा टीम वर्क सीखता है तथा उसके मस्तिष्क का विकास होता है। जब बच्चे किसी भी तरह का कोई खेल खेलते हैं तो उनकी शारीरिक गतिविधि तो अच्छी होती ही है साथ में उनके मानसिक विकास भी होता है। जो आपके बच्चे को जल्दी सीखने और बढ़ने में सहायक होता है।
खेल या अन्य शारीरिक गतिविधियों से मांसपेशियों का विकास होता है। स्वस्थ हड्डियों और मांसपेशियों के अच्छे विकास के लिए आपको बच्चे को किसी भी तरह का खेल खेलने के लिए उत्साहित करना चाहिए। जब आपका बच्चा खेलों में भाग लेता है तो आपके बच्चे की इम्युनिटी बढ़ती है। इसके अलावा बच्चे को खुली हवा में छोड़ना अच्छा होता है ताकि उसे अपने आसपास के माहौल का भी पता चल सके। 
आपको अपने बच्चों को हमेशा बताना चाहिए कि जीतना और हारना जीवन का हिस्सा है। खेल खिलाड़ी की सहनशीलता के लिए चुनौती के समान होता है। अगर आपका बच्चा खेलों में सहभागी होगा तो उसकी सहनशीलता बढ़ने के साथ उसकी शारीरिक गतिविधियां सामान्य रहेंगी। खेल गतिविधियों से शारीरिक सहनशीलता बढ़ती है तथा आपका बच्चा सीखता है कि अधिक समय तक गर्मी में कैसे रहा जाता है।

रिलेटेड पोस्ट्स