कई दिग्गज खिलाड़ियों का टूट सकता है सपना

टोक्यो ओलम्पिक एक साल आगे बढ़ने से खिलाड़ी असमंजस में

खेलपथ प्रतिनिधि
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक का अगले साल तक स्थगित होना कई दिग्गज खिलाड़ियों की स्वर्ण पदक की उम्मीदों के लिए और कड़ी चुनौती हो गया है। ये खिलाड़ी अपने करिअर के अंतिम पड़ाव में हैं और जिनका यह अंतिम ओलम्पिक हो सकता है। इन दिग्गजों में गोल्फर टाइगर वुड्स शामिल हैं जिनकी उम्र 44 हो गई है। इसके अलावा टेनिस स्टार रोजर फेडरर और सेरेना विलियम्स की उम्र 38 साल की हो चुकी है। इसके अलावा अमेरिकी धावक जस्टिन गैटलिन 38 तो एलिसन फेलिक्स 34 साल के हैं। चीन के बैडमिंटर स्टार लिन डेन की उम्र भी 36 साल है और इसमें लगभग एक साल का और इजाफा हो जाएगा। उम्र का असर इनके खेल पर पड़ सकता है। 
रोजर फेडरर:  
बीस बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर 8 अगस्त 2021 में 40 वर्ष के हो जाएंगे। वह 2000 सिडनी ओलम्पिक में एकल के सेमीफाइनल में पहुंचे थे।  2008 बीजिंग ओलम्पिक में स्टेन वावरिंका के साथ मिलकर युगल खिताब जीता था जबकि एकल में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे। लंदन ओलम्पिक में वह रजत पदक जीतने में सफल रहे थे जबकि पिछली बार 2016 रियो ओलम्पिक में चोट के कारण हिस्सा नहीं लिया था। बीजिंग ओलम्पिक में वह स्विट्जरलैंड के ध्वजवाहक थे। 
सेरेना विलियम्स:  
अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स भी अगले साल सितम्बर में 40 साल की हो जाएंगी। उनके नाम पहले ही चार ओलम्पिक स्वर्ण पदक हैं। लंदन 2012 में एकल, बहन वीनस के साथ 2000 सिडनी, 2008 बीजिंग और 2012 लंदन में युगल खिताब जीता था। रियो 2016 में दोनों बहनें पहले राउंड में हार गईं थीं। जबकि सेरेना एकल में तीसरे राउंड में स्वितोलिना से पराजित हो गई थीं। सेरेना के लिए टोक्यो ओलम्पिक आसान नहीं होगा। इस साल हुए पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन में वे तीसरे राउंड में ही बाहर हो गई थीं।  
टाइगर वुड्स:  
अनुभवी गोल्फ स्टार अगले साल दिसम्बर में 46 के हो जाएंगे। इस साल दिसम्बर में वह अपना 45वां जन्मदिन मनाएंगे। पंद्रह मेजर टूर्नामेंट जीतने वाले वुड्स के लिए अमेरिकी टीम में जगह बनाना आसान नहीं है। अभी वह छठी श्रेष्ठ रैंकिंग के अमेरिकी हैं जबकि चार श्रेष्ठ रैंकिंग के खिलाड़ी के ही जगह बनाने की उम्मीद है। पीठ की चोट के बाद फॉर्म को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। रियो ओलम्पिक 2016 में भी वह चोटिल हो गए थे।
लिन डेन:
चीन के बैडमिंटन स्टार लिन डेन अगले साल ओलम्पिक तक 37 साल के हो जाएंगे। उन्होंने 2008 बीजिंग और 2012 लंदन गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। पांच बार के विश्व चैम्पियन रियो ओलम्पिक में कांस्य पदक के मुकाबले में हार गए थे। सेमीफाइनल में उन्हें प्रबल प्रतिद्वंद्वी ली चोंग वेई से हार का सामना करना पड़ा जिसे उन्होंने 2008 और 2012 के फाइनल में हराया था।
एलिसन फेलिक्स:
अमेरिका की धावक एलिसन फेलिक्स ओलम्पिक इतिहास मे 6 गोल्ड जीतने वाली एकमात्र महिला एथलीट हैं। वे दो साल से टोक्यो ओलम्पिक की तैयारियों में जुटी हुई हैं। लगातार अपना पांचवां ओलम्पिक खेलने उतरेंगी। इस साल नवम्बर में 35 साल की हो जाएंगी।
जस्टिन गैटलिन:
अमेरिका के धावक 38 साल के गैटलिन ने इस साल टोक्यो ओलम्पिक के बाद संन्यास लेने की योजना बनाई थी। टूर्नामेंट टलने के साथ ही उन्होंने अपने संन्यास का फैसला भी टाल दिया है। यह उनका चौथा ओलम्पिक होगा। हालांकि 2004 के ओलम्पिक चैम्पियन के लिए टीम में जगह बनाना आसान नहीं होगा। उन्हें क्रिस्टियन कोलमैन और नोह लायल्स की चुनौती का सामना करना पड़ेगा जो 100 मीटर और 200 मीटर में दावेदारी पेश कर रहे हैं।
पेस बदल सकते हैं संन्यास का फैसला
सात बार ओलम्पिक खेल चुके भारत के लिएंडर पेस इस साल पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर संन्यास लेने की घोषणा कर चुके हैं लेकिन उन्हें तब यह अंदाजा भी नहीं था कि टोक्यो ओलम्पिक एक साल के लिए स्थगित हो जाएंगे। अपना 8वां ओलम्पिक खेलने के लिए 1996 अटलांटा ओलम्पिक के पदक विजेता अपना फैसला बदल सकते हैं। लंदन में ऐतिहासिक पदक दिलाने वाली महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम भी अगले साल मार्च में 38 साल की हो जाएंगी।  
जमैका की मर्लिन ओटी ने 40 साल में जीता था ओलम्पिक पदक
अगर सबसे उम्रदराज महिला खिलाड़ी की बात करें तो जमैका की मर्लिन ओटी ने जब 2000 सिडनी ओलम्पिक में 4 गुणा 100 मीटर रिले का कांस्य पदक जीता था तब वह 40 साल की थीं। 11 साल की सीरिया की हेंद जाजा टोक्यो ओलम्पिक के सबसे युवा खिलाड़ी होेंगी जबकि जापानी मूल की ब्रिटिश स्केटबोर्ड खिलाड़ी स्काई ब्राउन उनसे पांच महीने बड़ी हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स