जान है तो जहान है

ओलम्पिक खेल रद्द होने पर बोले भारतीय खिलाड़ी

खेलपथ प्रतिनिधि
नई दिल्ली।
जिन्दगी पहले है, खेल बाद में। हम खेलों के लिए इंतजार कर सकते हैं। जान है तो जहान है। टोक्यो ओलम्पिक खेलों के कोरोना वायरस महामारी के कारण स्थगित होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों की यह पहली प्रतिक्रिया थी। हर चार साल में होने वाले ओलम्पिक खेल टोक्यो में 24 जुलाई से नौ अगस्त के बीच आयोजित किए जाने थे, लेकिन जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे और अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) अध्यक्ष थॉमस बाक के बीच टेलीफोन पर बातचीत के बाद इन्हें अगले साल गर्मियों तक स्थगित कर दिया गया।
लंदन ओलम्पिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट बॉक्सर एमसी मैरीकॉम ने कहा, 'अभी स्थिति अच्छी नहीं है। जिन्दगी पहले आती है, हर चीज के लिए इंतजार किया जा सकता है। खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। जिसने भी फैसला किया, उन्होंने इस पर गौर किया। मेरा मानना है कि यह सभी के लिए अच्छा है। अब मुझे अभ्यास के लिए अधिक समय मिल जाएगा। हम अपने अभ्यास कार्यक्रम को बढ़ा सकते हैं और यह केवल मेरे लिए नहीं है। यह दुनिया भर के खिलाड़ियों पर लागू होता है।'
लंदन ओलम्पिक की एक अन्य कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त किए। भारतीय महिला शटलर ने कहा, 'खुशी है कि इन्हें स्थगित कर दिया गया हालांकि हम कुछ खिलाड़ी क्वॉलीफाई नहीं कर पाए थे। हम यह जानने के इच्छुक हैं कि आगे क्वॉलीफिकेशन की प्रक्रिया कैसे होगी।'
भारत की तरफ से पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा, 'यह अच्छा फैसला है क्योंकि हर कोई परेशान है। खिलाड़ियों का स्वास्थ्य सर्वोपरि है। कोई भी ढंग से अभ्यास नहीं कर पा रहा था। यह केवल भारत से जुड़ा मामला नहीं है, पूरे विश्व की बात है। हमें सबसे पहले इस महामारी से लोगों को बचाना होगा।'
पूर्व विश्व चैम्पियन महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू का भी मानना है कि यह खिलाड़ियों के लिए अच्छा फैसला है। उन्होंने कहा, 'जो कुछ भी हुआ वह अच्छे के लिए हुआ। अब हमें तैयारी के लिए ज्यादा समय मिल जाएगा। यह मेरे प्रदर्शन के लिए अच्छा है। मैं अभ्यास जारी रखूंगी।'
निशानेबाज राही सरनोबत ने कहा, 'हम अभ्यास नहीं कर पा रहे थे और इसलिए हमें तैयारी के लिए 3-4 महीने और चाहिए थे। अब हम नए सिरे से तैयारियां कर सकते हैं।' कुश्ती में 57 किलोग्राम में ओलम्पिक के लिए क्वॉलीफाई करने वाले पहलवान रवि दहिया ने कहा, 'हम इस साल के ओलम्पिक के लिए तैयार थे। हम तैयार थे लेकिन जब ऐसा कुछ होता है तो आप क्या कर सकते हैं। यह सब हमारे नियंत्रण से बाहर है। हम 2021 के लिए फिर से तैयारी करेंगे।'
पहली बार ओलम्पिक में भाग लेने की तैयारी में जुटे चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की बैडमिंटन पुरुष युगल जोड़ी ने भी इन खिलाड़ियों की हां में हां मिलाई। शेट्टी ने कहा, 'अभी सही फैसला किया गया। यह दुखद है लेकिन वर्तमान परिस्थिति में यह समझदार फैसला है।' तीरंदाज दीपिका कुमारी ने भी राहत की सांस ली। उन्होंने कहा, 'कहते हैं न कि जान है तो जहान है। सबसे पहले मैं प्रार्थना करती हूं कि सब कुछ सामान्य हो जाए और दुनिया कोरोना वायरस से सुरक्षित रहे।' राइफल निशानेबाज अंजुम मोद्गिल ने कहा, 'इसकी सख्त जरूरत थी क्योंकि दुनिया में कोई भी खिलाड़ी तैयारी नहीं कर पा रहा था। यह अच्छा है कि ओलम्पिक स्थगित कर दिए गए। अब हमारे पास अच्छी तरह से तैयार होने और योजना बनाने का समय होगा।'

रिलेटेड पोस्ट्स