सब जूनियर हॉकी टूर्नामेंट शुरू, केडी सिंह बाबू एकादश का जीत से आगाज
विजय मित्र द्विवेदी मेमोरियल प्रतियोगिता में विजय मित्र एकादश ने भी दर्ज की जीत
खेलपथ संवाद
लखनऊ। चंद्रभान गुप्ता खेल मैदान (नेशनल कॉलेज) में तृतीय स्वर्गीय विजय मित्र द्विवेदी (चकई दादा) मेमोरियल सब जूनियर हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। केडी सिंह बाबू सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मंजू बिष्ट ने किया।
इस अवसर पर पूर्व ओलम्पियन हॉकी खिलाड़ी सैयद अली सहित मुकुल शाह, आरके टंडन, संतोष सिंह, सिराज अहमद, खुर्शीद आलम, मनोज, सर्वजीत, विनय मित्र द्विवेदी, अभय मित्र द्विवेदी और संजय द्विवेदी सहित हॉकी जगत से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में केडी सिंह बाबू एकादश ने मोहम्मद शाहिद एकादश को पराजित कर जीत के साथ आगाज किया। वहीं दूसरे मुकाबले में विजय मित्र एकादश ने बुला गांगुली एकादश को शिकस्त देकर अपनी पहली जीत दर्ज की। दोनों मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्वर्गीय विजय मित्र द्विवेदी (चकई दादा) की स्मृतियों को संजोने के साथ युवा हॉकी प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करना है।
