साउथ सेंट्रल रेलवे ने जीती केडी सिंह ‘बाबू’ स्मारक ट्रॉफी

फाइनल में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक को 3-1 से हराया

प्रताप लाकड़ा बने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

खेलपथ संवाद

लखनऊ। साउथ सेंट्रल रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44वीं अखिल भारतीय केडी सिंह ‘बाबू’ स्मारक आमंत्रण इनामी पुरुष हॉकी प्रतियोगिता-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। गोमतीनगर स्थित पद्मश्री मोहम्मद शाहिद एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड पर खेले गए फाइनल में रेलवे की टीम ने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक को 3-1 गोल से शिकस्त देकर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने बेहतर शुरुआत करते हुए 19वें मिनट में मनजीत के मैदानी गोल से 1-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, साउथ सेंट्रल रेलवे ने इसी मिनट में जोरदार पलटवार किया। प्रताप लाकड़ा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद 24वें मिनट में प्रताप ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर रेलवे को 2-1 से आगे कर दिया। 40वें मिनट में अजीत पांडेय ने मैदानी गोल कर बढ़त 3-1 कर दी। शेष समय में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की टीम वापसी नहीं कर सकी और रेलवे ने खिताब पर कब्जा जमा लिया।

तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में पंजाब नेशनल बैंक ने पंजाब एंड सिंध बैंक को कड़े संघर्ष में 5-4 गोल से हराकर कांस्य स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के व्यक्तिगत पुरस्कारों में साउथ सेंट्रल रेलवे के प्रताप लाकड़ा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। इसी टीम के लवप्रीत सिंह सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड बने, जबकि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के विशाल सिंह को सर्वश्रेष्ठ हाफ का पुरस्कार मिला। पंजाब एंड सिंध बैंक के युवराज सिंह सर्वश्रेष्ठ फुलबैक और पंजाब नेशनल बैंक के अफनास सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुने गए।

समापन समारोह में उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव खेल कुमार विनीत ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक और नकद पुरस्कार प्रदान किए। विजेता साउथ सेंट्रल रेलवे को दो लाख रुपये, उपविजेता नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक को एक लाख रुपये तथा तीसरे स्थान पर रही पीएनबी को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। 12 से 20 नवंबर तक आयोजित नौ दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्रीय खेल कार्यालय लखनऊ की ओर से खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, उत्तर प्रदेश हॉकी एवं हॉकी इंडिया के तत्वावधान में किया गया। समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी महेंद्र सिंह बोरा, आरके टंडन, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के पुत्र देवेंद्र ध्यानचंद सहित हॉकी जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

रिलेटेड पोस्ट्स