योग की ऐतिहासिक भूमि बिहार के सम्मानित योगाचार्य उपेक्षित!

सनातनी सरकार में योग प्रशिक्षकों की पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं

खेलपथ संवाद

पटना। बिहार केवल एक राज्य नहीं, बल्कि ज्ञान, साधना, अध्यात्म और योग की ऐतिहासिक भूमि है। जिस धरती ने दुनिया को योग और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया, उसी बिहार में आज योग सिखाने वाले योगाचार्य अपने भविष्य को लेकर चिंतित और निराश हैं। इससे अधिक विडम्बना क्या होगी कि योग को भारतीय संस्कृति और सनातन परम्परा की पहचान बताने वाली सरकार के शासन में योग प्रशिक्षकों को ही सम्मान और सुरक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

साधना, अमलेश जी से जुड़ा पहला मामला हो, बिहार राज्य प्रशिक्षक संघ की आवाज हो अथवा जहानाबाद के योग प्रशिक्षकों की पीड़ा, तीनों प्रकरण एक ही सवाल खड़ा करते हैं कि आखिर योग के प्रचार-प्रसार में अपना जीवन लगाने वाले प्रशिक्षकों की सुध कौन लेगा? उनकी योग्यता, अनुभव और सेवाओं का मूल्यांकन कब होगा?

आज योग दुनिया में भारत की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सरकारें बड़े-बड़े आयोजन करती हैं। मंच सजते हैं, भाषण होते हैं, योग के महत्व का बखान किया जाता है और योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया जाता है। लेकिन इन आयोजनों के पीछे वर्षों से योग सिखाने वाले प्रशिक्षकों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति पर शायद ही कोई गंभीरता से विचार करता है।

बिहार सरकार को समझना होगा कि योग केवल आयोजन या प्रचार का विषय नहीं है। यह शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और स्वस्थ समाज के निर्माण का माध्यम है। विद्यालयों, महाविद्यालयों, प्रशिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों में योग प्रशिक्षकों की नियमित एवं सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

सरकार की सनातनी विचारधारा की सार्थकता केवल सांस्कृतिक गौरव के उद्घोष में नहीं, बल्कि उन लोगों के सम्मान और संरक्षण में भी दिखाई देनी चाहिए, जो इस गौरवशाली परम्परा को अगली पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री और शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार मंत्रियों को इन तीनों मामलों पर संवेदनशीलता से विचार करना चाहिए। योग प्रशिक्षकों की समस्याओं का समाधान, उनके मानदेय की नियमितता, सेवा की सुरक्षा और योग शिक्षा के लिए स्पष्ट नीति समय की मांग है।

योगाचार्यों को सम्मान देना किसी पर उपकार नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जिम्मेदारी निभाना है। जिस बिहार की पहचान ज्ञान और योग की परम्परा से रही है, वहां योग सिखाने वाले ही दुखी रहें तो यह केवल प्रशिक्षकों की पीड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना के लिए भी चिंता का विषय है। योग से स्वस्थ राष्ट्र का सपना देखने वालों को पहले योगाचार्यों का भविष्य स्वस्थ और सुरक्षित करना होगा। आखिर सवाल यही है- जब योग का संदेश पूरी दुनिया अपना रही है, तब बिहार के योगाचार्य अपने ही घर में उपेक्षित क्यों हैं?

रिलेटेड पोस्ट्स