महिला कोच संवारेंगी भारतीय टेनिस का भविष्य
दिल्ली में सात दिवसीय प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू,
रक्षा खडसे ने खेलों में महिलाओं के लिए अवसर बढ़ाने पर दिया जोर
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारतीय टेनिस में महिला प्रशिक्षकों की भागीदारी बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से विशेष महिला कोच प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किया है। दिल्ली लॉन टेनिस संघ (डीएलटीए) टेनिस स्टेडियम में 24 से 30 अक्टूबर तक आयोजित इस कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने महिला प्रशिक्षकों और खेल पेशेवरों का उत्साह बढ़ाया।
एआईटीए की ‘एसीई 2032’ पहल के अंतर्गत आयोजित इस सात दिवसीय प्रमाणन पाठ्यक्रम में आईटीएफ प्ले टेनिस कोर्स और एआईटीए लेवल-वन फिटनेस कोर्स शामिल हैं। इसका उद्देश्य महिलाओं को प्रशिक्षण की तकनीक और फिटनेस संबंधी कौशल से सशक्त बनाना है। संघ के अनुसार, इस पहल के लिए 22 राज्यों से 48 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं।
रक्षा खडसे ने कहा कि भारत को अग्रणी खेल राष्ट्र बनाने के लिए प्रतिभाओं की शुरुआती पहचान, योग्य प्रशिक्षक, पर्याप्त सुविधाएं और नियमित प्रतियोगिताएं आवश्यक हैं। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की बालिकाओं तक भी अवसर पहुंचने चाहिए। महिलाओं को खिलाड़ी बनने के साथ कोचिंग, खेल विज्ञान और प्रशासन में आगे बढ़ने का अवसर मिले।
कार्यक्रम में व्यावहारिक प्रशिक्षण, अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर कौशल विकास पर बल दिया गया। महिला कोचों की संख्या बढ़ने से अधिक लड़कियों को खेलों से जोड़ने में मदद मिलने की बात कही गई। सुरक्षित प्रशिक्षण वातावरण और खिलाड़ियों के कल्याण को भी प्राथमिकता दी गई।
इस अवसर पर डीएलटीए अध्यक्ष रोहित राजपाल, एआईटीए के कोचिंग निदेशक कंवलजीत सिंह, डेविस कप कोच आशुतोष सिंह, मानद सचिव सुंदर अय्यर, कोषाध्यक्ष दिनेश अरोड़ा और प्रशिक्षक राधिका कानितकर उपस्थित रहे। विभिन्न क्षेत्रों से आई प्रतिभागियों ने जमीनी स्तर पर टेनिस और फिटनेस प्रशिक्षण बेहतर बनाने के सुझाव साझा किए।
