महू ने क्लेमेंट टाउन को हराकर नेशनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट में बनाई जगह

सेंट्रल कमांड बॉयज बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, 47-30 से दर्ज की शानदार जीत

खेलपथ संवाद

प्रयागराज। आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज में सोमवार को सेंट्रल कमांड बॉयज बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026 का शानदार शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन विद्यालय के अध्यक्ष एवं डिप्टी जीओसी, पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश सब एरिया ब्रिगेडियर नवनीत डागर, सेना मेडल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन को सफलता की कुंजी बताया।

उद्घाटन अवसर पर खेले गए मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, महू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्मी पब्लिक स्कूल, क्लेमेंट टाउन को 47-30 अंकों से पराजित किया। इस जीत के साथ महू की टीम ने AWES नेशनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया। मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रदर्शन किया। महू के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई और मैच के अंत तक उसे कायम रखा।

उल्लेखनीय है कि AWES नेशनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026 का आयोजन भी आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज में ही 11 से 14 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। ऐसे में स्थानीय स्तर पर आयोजित हो रहा यह टूर्नामेंट राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है।

सेंट्रल कमांड गर्ल्स बास्केटबॉल टूर्नामेंट का मुकाबला 6 अक्टूबर को आर्मी पब्लिक स्कूल, क्लेमेंट टाउन और आर्मी पब्लिक स्कूल, पिथौरागढ़ के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह है।

रिलेटेड पोस्ट्स