मैदान और सुविधाएं मिलें तो मथुरा की प्रतिभाएं पहचान गढ़ें
खेलों की अपार सम्भावनाएं दिखाती कान्हा की नगरी
डालचंद गौतम
मथुरा। यह केवल श्रीकृष्ण की जन्मभूमि और आध्यात्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, प्रतिभाओं की भी धरती है। कला, संस्कृति और शिक्षा के साथ खेलों के क्षेत्र में भी इस जनपद के पास ऐसी सम्भावनाएं हैं, जिन्हें योजनाबद्ध प्रयासों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों में बदला जा सकता है।
मथुरा के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें बचपन से सही प्रशिक्षण, पर्याप्त मैदान, योग्य प्रशिक्षक, खेल विज्ञान और निरंतर प्रतियोगिताओं का अवसर देने की। हाल के वर्षों में जिले में खेल गतिविधियों का विस्तार भी दिखाई देता है। गणेशरा स्थित मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं और 2026 में यहां राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
मथुरा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह भी है कि गणेशरा स्थित मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम को खेलो इंडिया सेंटर की सूची में कुश्ती के लिए शामिल किया गया है। यह संकेत है कि मथुरा में पारम्परिक और आधुनिक दोनों खेलों को आगे बढ़ाने की जमीन मौजूद है। यहां एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबाल, फुटबॉल, भारोत्तोलन, जूडो और बैडमिंटन जैसे अनेक खेलों की प्रतिभाएं हैं। यह विविधता बताती है कि मथुरा में खेल प्रतिभा का आधार व्यापक है।
यहां के शैक्षिक संस्थानों में खेल प्रशिक्षण की बजाय खेल गतिविधियां कराना प्रमुख रहता है। खेलपथ का मानना है कि मथुरा की खेल नीति का लक्ष्य प्रतियोगिताएं कराना नहीं, बल्कि खिलाड़ी तैयार करना होना चाहिए। खेल अधोसंरचनाएं आबाद हो रही हैं लेकिन गति बहुत धीमी है। शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण मथुरा पर भी उतना ही ध्यान जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे बहुउद्देश्यीय मैदान, प्रशिक्षक और नियमित खेल प्रतियोगिताएं उपलब्ध हों तो बड़ी संख्या में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाया जा सकता है।
मथुरा की खेल सम्भावनाओं की चर्चा महिला खिलाड़ियों के बिना अधूरी है। स्कूल और कॉलेज स्तर से ही बेटियों के लिए सुरक्षित खेल वातावरण, महिला प्रशिक्षक, नियमित प्रतियोगिताएं और खेल छात्रावास जैसी सुविधाएं विकसित की जाएं तो प्रतिभाओं का बड़ा आधार तैयार हो सकता है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है। यह स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व का माध्यम भी है। उत्तर प्रदेश की खेल नीति भी जमीनी स्तर से प्रतिभाओं को विकसित करने, खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता और बेहतर खेल ढांचा उपलब्ध कराने पर जोर देती है।
मथुरा का अगला कदम क्या हो?
मथुरा यदि खेलों में अपनी सम्भावनाओं को वास्तविक उपलब्धियों में बदलना चाहता है तो कुछ प्राथमिकताओं पर निरंतर काम करना होगा। हर विद्यालय में खेल मैदान और प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक, हर ब्लॉक में नियमित खेल प्रतियोगिता, प्रतिभावान खिलाड़ियों की वैज्ञानिक पहचान, खेलवार विशेषज्ञ प्रशिक्षक, खेल विज्ञान और पोषण की सुविधा, बेटियों के लिए समान अवसर, ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए विशेष प्रतिभा खोज अभियान और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे खिलाड़ियों के लिए निरंतर सहयोग।
मथुरा के पास संस्कृति है, युवा शक्ति है, संस्थान हैं और खेल प्रतिभाएं भी हैं। अब आवश्यकता इन सभी को एक साझा खेल-दृष्टि से जोड़ने की है। मथुरा की पहचान केवल तीर्थनगरी के रूप में क्यों रहे? वह खेल प्रतिभाओं की नगरी भी बन सकती है। खेलपथ का विश्वास है कि हर खेल महत्वपूर्ण है और हर प्रतिभाशाली बच्चा देश की धरोहर है। मथुरा यदि अपनी खेल शक्ति को सही दिशा दे सके तो यहां से निकलने वाली प्रतिभाएं प्रदेश ही नहीं, देश का नाम रोशन कर सकती हैं। सवाल यह नहीं कि मथुरा के पास खेल सम्भावनाएं हैं या नहीं। सवाल यह है कि हम उन सम्भावनाओं को अवसर में बदलने के लिए कितना ईमानदार और निरंतर प्रयास करते हैं। खेलों का विकास, स्वस्थ मथुरा की पहचान और स्वस्थ राष्ट्र की मजबूत नींव है।
