यूपीसीए के स्कोरर को नहीं अंग्रेजी भाषा का ज्ञान
स्टेट स्कोरर परीक्षा में क्वालीफाई अंक तक नहीं हासिल सके
पिच क्यूरेटर तपोस चटर्जी व समंदर चौहान ने बताए पिच निर्माण के तरीके
खेलपथ संवाद
कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से ग्रीन पार्क स्टेडियम में दो दिवसीय स्टेट अम्पायर व स्कोरर की परीक्षा का आयोजन किया गया। गुरुवार को हुई परीक्षा में 23 अम्पायरों का प्रैक्टिकल हुआ, जबकि नौ सितम्बर को ग्रीन पार्क में ही हुई स्टेट स्कोरर परीक्षा में फेल हुए 32 स्कोररों की दोबारा परीक्षा कराई गई। ये सभी स्कोरर क्रिकेट के ज्ञान में तो पास हो गए थे, लेकिन अंग्रेजी भाषा के ज्ञान में फेल हुए थे। यूपीसीए ने री-एग्जाम के जरिए उन्हें पास होने का एक और मौका दिया है।
हालांकि, यूपीसीए री-एग्जाम को उपलब्धि बता रहा है, लेकिन क्रिकेट के जानकार इसे बड़ी विफलता के रूप में देख रहे हैं। ग्रीन पार्क के न्यू प्लेयर पवेलियन में एक ओर 23 अम्पायरों का प्रैक्टिकल बीसीसीआई के अम्पायर अनिल चौधरी ले रहे थे, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए स्कोररों की फिर से लिखित परीक्षा बीसीसीआई के एजुकेटर पी. जयपाल की देखरेख में कराई जा रही थी।
बताया गया कि ये वही स्कोरर थे, जो नौ सितम्बर को हुई स्टेट स्कोरर परीक्षा में क्वालीफाई अंक तक हासिल नहीं कर सके थे। इसलिए यूपीसीए को मजबूरन उनका री-एग्जाम कराना पड़ा। ग्रीन पार्क में ही यूपीसीए की ओर से दो दिवसीय राज्य स्तरीय क्यूरेटर कार्यशाला की भी शुरुआत हुई। इसमें बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर तपोस चटर्जी व समंदर चौहान ने 25 प्रतिभागियों को पिच के निर्माण एवं रखरखाव के नियम बताए।
