भारत ने विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज में जीते दो स्वर्ण सहित तीन पदक

विश्व चैम्पियन तोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी के तीर सोने पर लगे

खेलपथ संवाद

अहमदाबाद। भारत की पुरुष रिकर्व और कम्पाउंड टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज के तीसरे चरण के समापन से एक दिन पहले मंगलवार को स्वर्ण पदक जीते, जबकि महिला रिकर्व टीम ने रजत पदक जीता।

मौजूदा विश्व चैम्पियन तोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी की पुरुष कंपाउंड जोड़ी ने इराक को 152-139 से हराया। दो बार के पैरालम्पिक पदक विजेता हरविंदर सिंह और विजय सुंडी की रिकर्व जोड़ी ने स्लोवाकिया को 6-2 से पराजित किया। महिला रिकर्व टीम का प्रदर्शन हालांकि निराशाजनक रहा। भावना और पूजा को फाइनल में चीन से 0-6 (23-34, 33-35, 30-31) से हारने के बाद रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में भी भारत कांस्य पदक से चूक गया। शीतल देवी और पायल नाग तीसरे स्थान के प्लेऑफ में चीन की वांग हुईटिंग और गाओ फांग्शिया की जोड़ी से हार गईं। स्वामी और तोमन ने पुरुषों की कम्पाउंड टीम स्पर्धा के फाइनल में इराक के अब्बास कादिम और अनवर अलदावोद को हराकर स्वर्ण पदक जीता।

भारतीय जोड़ी ने धीमी शुरुआत की लेकिन इसके बाद उन्होंने जल्द ही लय हासिल कर ली और फिर उन्हें जीत हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। हरविंदर और सुंडी ने पहले सेट में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए स्लोवाकिया के डेविड इवान और डेनिस इवान को 6-2 (34-37, 36-31, 38-34, 35-31) से हराया।

रिलेटेड पोस्ट्स