युवा टीम को मिला ग्वालियर जिले की फुटबॉल के उत्थान का मौका

जिला फुटबॉल एसोसिएशन की नई टीम 2030 तक करेगी काम

ज्योदित्य भदौरिया अध्यक्ष, विनय कदम सचिव, गजेंद्र तिवारी बने कोषाध्यक्ष

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। दुनिया के नम्बर एक खेल फुटबॉल की बेहतरी को ग्वालियर जिला फुटबॉल एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने युवा टीम को आगे आने का मौका दिया है। ग्वालियर डिस्ट्रिक फुटबॉल एसोसिएशन के चुनाव में ज्योदित्य भईयू भदौरिया अध्यक्ष, विनय कदम सचिव तथा गजेंद्र तिवारी कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। पदभार सम्हालते ही नई टीम ने फुटबॉल को स्कूल-कॉलेजों तक ले जाने तथा अधिक से अधिक प्रतियोगिताएं कराने की बात कही।

निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट जितेन्द्र शर्मा की देखरेख में गठित यह नई टीम 2030 तक काम करेगी। ग्वालियर जिला फुटबॉल एसोसिएशन बीते 16 वर्षों से इस खेल की बेहतरी के लिए प्रयासरत है। एसोसिएशन के पूर्व सचिव शिववीर सिंह भदौरिया ने बताया कि ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के मार्गदर्शन में ग्वालियर डिस्ट्रिक फुटबॉल एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का निर्वाचन हुआ है।

ग्वालियर जिला फुटबॉल एसोसिएशन की नई टीम में ज्योदित्य भईयू भदौरिया अध्यक्ष, राजेन्द्र पाल, चन्द्राणी कोटिया उपाध्यक्ष, विनय कदम सचिव तथा गजेन्द्र तिवारी कोषाध्यक्ष पदों पर आसीन हुए हैं। नई कार्यकारिणी में प्रदीप सिंह, अंकिता जादौन, उदय सिंह राजावत, नवीन शुक्ला, शुभम यादव, शैलेन्द्र जादौन सदस्य के रूप में शामिल हैं। राहुल यादव को सर्वसम्मति से खिलाड़ी प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।

एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. विवेक पांडेय ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत कर उनको आगामी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ज्योदित्य भईयू भदौरिया ने कहा कि शहर में फुटबॉल का विकास, विस्तार और खेल से खिलाड़ियों को जोड़ने के प्रयास किया जाएगा। स्कूल-कॉलेज स्तर पर अधिक से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। नवनिर्वाचित सचिव विनय कदम ने फुटबॉल टर्फ टूर्नामेंट्स को बढ़ावा देने तथा फुटसाल खेल को भी शहर में शुरू करने की बात कही।

रिलेटेड पोस्ट्स